CG News: छत्तीसगढ़ के स्कूलों में 6,812 शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी, व्यापम लेगा लिखित और ऑनलाइन परीक्षा
CG News: छत्तीसगढ़ के शासकीय और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कुल 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तेजी से चल रही है, लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय स्कूलों में 5,000 नियमित पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) के माध्यम से किया जाएगा, इस भर्ती से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी.

सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता शामिल
नियमित भर्ती के तहत कुल 5 हजार पदों का विभाजन किया गया है, जिसमें सहायक शिक्षक के 2,292 पद, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200 पद, शिक्षक के 1,654 पद और व्याख्याता के 854 पद शामिल किए गए हैं, इन कुल पदों में ई-संवर्ग के 2,227 पद और टी-संवर्ग (जनजातीय क्षेत्र) के 2,773 पद निर्धारित किए गए हैं, ताकि ग्रामीण व दूरस्थ इलाकों में भी पठन-पाठन बेहतर हो सके.
11 अक्टूबर से शुरू होंगी लिखित परीक्षाएं
घोषित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक पद के लिए लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी, इसी तरह शिक्षक पद के लिए 25 अक्टूबर 2026 और व्याख्याता पद हेतु 29 नवंबर 2026 की तिथि तय की गई है, सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, जबकि व्याख्याता पदों के लिए जल्द आवेदन मंगाए जाएंगे, प्रयोगशाला सहायक परीक्षा की तिथि बाद में घोषित होगी.
आत्मानंद स्कूलों में कंप्यूटर आधारित होगी परीक्षा
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में पहली बार 1,812 संविदा शैक्षणिक पदों पर केंद्रीकृत कंप्यूटर आधारित (CBT) भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी, इन आत्मानंद पदों के लिए भर्ती अधिसूचना इसी सितंबर माह में जारी होने वाली है, जिसके बाद ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने की प्रक्रिया अक्टूबर माह से विधिवत शुरू करने की तैयारी की गई है.
छात्रों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
शासकीय एवं उत्कृष्ट विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से ही इन 6,812 पदों पर प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से चयन किया जा रहा है, विभाग का प्रयास है कि परीक्षा और चयन की पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखा जाए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर प्रदेश के शैक्षणिक स्तर को और अधिक मजबूत बनाया जा सके.

One Response