CG News: छत्तीसगढ़ भाजपा में जश्न का माहौल, स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू की नियुक्ति पर सीएम साय ने दी बधाई
CG News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर प्रभारियों की नई नियुक्तियों के ऐलान के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा में हर्ष और उत्साह का माहौल है. पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शम्भू को सह-प्रभारी बनाए जाने पर प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व ने उनका जोरदार स्वागत किया है.

मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रीय नेतृत्व का जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा की गई इन महत्वपूर्ण नियुक्तियों पर प्रसन्नता व्यक्त की है. सीएम साय ने कहा कि स्मृति ईरानी का लंबा प्रशासनिक व राष्ट्रीय अनुभव, राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट समर्पण और पार्टी संगठन के प्रति निष्ठा छत्तीसगढ़ में सरकार व संगठन दोनों को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी. उन्होंने सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू की सक्रियता से सांगठनिक कार्यों में नई गति आने का विश्वास जताया.

संगठन को मिलेगी नई दिशा और ऊर्जा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने केंद्रीय नेतृत्व के इस फैसले का सहर्ष स्वागत करते हुए कहा कि स्मृति ईरानी एक प्रखर वक्ता और कुशल संगठनकर्ता हैं. उनके व्यापक अनुभवों और कुशल मार्गदर्शन से प्रदेश के लाखों कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा. किरण देव ने कहा कि सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के युवा नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव से जमीनी स्तर पर पार्टी का आधार और मजबूत होगा.
जन-कल्याणकारी योजनाएं पहुंचेंगी घर-घर
प्रदेश नेतृत्व ने भरोसा जताया कि स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू के संयुक्त मार्गदर्शन से राज्य सरकार और पार्टी संगठन के बीच उत्कृष्ट तालमेल स्थापित होगा. इससे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार द्वारा चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी, जिससे पार्टी का जनाधार और अधिक व्यापक होगा.
आगामी सांगठनिक अभियानों को मिलेगी रफ्तार
छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी की नियुक्ति को आगामी राजनैतिक और सांगठनिक अभियानों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. प्रदेश भाजपा के नेताओं का मानना है कि नई टीम के नेतृत्व में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों और सांगठनिक विस्तार के कार्यक्रमों को नए सिरे से गति दी जा सकेगी.


One Response