CG News: बिलासपुर में ग्रेन ATM से राशन वितरण ने पकड़ी रफ्तार, 5 दिन में 17 हजार किलो से ज्यादा चावल बंटा
CG News: बिलासपुर में पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरू किया गया अन्नपूर्णा ग्रेन ATM अब तेजी से लोगों के बीच अपनी जगह बना रहा है. उचित मूल्य दुकान क्रमांक 401001163 में महज कुछ दिनों के भीतर 500 से ज्यादा राशनकार्डधारियों ने मशीन के जरिए अपना निर्धारित खाद्यान्न प्राप्त किया. इस व्यवस्था का उद्देश्य राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ाने और घटतौली जैसी शिकायतों पर रोक लगाना है.

5 दिन में 540 कार्डधारियों ने लिया राशन
सितंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक 8 से 10 सितंबर के बीच 521 कार्डधारियों ने ग्रेन ATM से राशन लिया. 8 सितंबर को 104, 9 सितंबर को 211 और 10 सितंबर को 206 उपभोक्ताओं ने मशीन से खाद्यान्न प्राप्त किया. इसके बाद 11 सितंबर तक यह आंकड़ा बढ़कर 540 कार्डधारियों तक पहुंच गया. मशीन के जरिए राशन लेने की प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप बेहद कम हो गया है.
17 हजार किलो से ज्यादा चावल का वितरण
ग्रेन ATM के जरिए सितंबर के शुरुआती पांच दिनों में कुल 17,101 किलो चावल वितरित किया गया. इसमें 11,914 किलो फोर्टिफाइड चावल और 5,187 किलो सीजी चावल शामिल है. इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को 392 किलो शक्कर और 431 किलो नमक भी उपलब्ध कराया गया. कार्ड स्वाइप और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद मशीन से निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न निकलता है.
घटतौली और लंबी कतार से राहत
ग्रेन ATM व्यवस्था से राशन लेने वाले उपभोक्ताओं को लंबी कतारों और कम तौल की आशंका से राहत मिल रही है. इलेक्ट्रॉनिक माप और मशीन से सीधे अनाज निकलने के कारण वितरण प्रक्रिया अधिक सटीक हो गई है. इससे सर्वर, तौल और राशन की मात्रा को लेकर होने वाले विवादों में भी कमी आने की उम्मीद है. उपभोक्ता कुछ ही मिनटों में अपना राशन प्राप्त कर पा रहे हैं.
अन्य राशन दुकानों तक विस्तार की तैयारी
खाद्य विभाग के खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के मुताबिक ग्रेन ATM के जरिए उपभोक्ताओं को आसान, पारदर्शी और सटीक मात्रा में राशन उपलब्ध कराया जा रहा है. कम समय में 500 से अधिक कार्डधारियों द्वारा सुविधा का इस्तेमाल करना इसकी सफलता को दर्शाता है. विभाग आने वाले दिनों में इस तकनीक को अन्य प्रमुख राशन दुकानों तक भी विस्तार देने की तैयारी कर रहा है.

One Response