CG News: गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अघोर गुरु पीठ पहुंचे मुख्यमंत्री साय, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अघोर गुरु पीठ बनोरा पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धा और आस्था के साथ अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम के दर्शन किए. मुख्यमंत्री ने आश्रम में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की, वहीं बाबा प्रियदर्शी राम से आशीर्वाद लेकर मार्गदर्शन भी प्राप्त किया.

अघोरेश्वर भगवान राम की प्रतिमा की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अघोर गुरु पीठ के उपासना स्थल पर पहुंचकर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम की प्रतिमा के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की. इसके बाद उन्होंने अघोरेश्वर भगवान राम के प्रिय शिष्य पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम से मुलाकात की, उनका आशीर्वाद लिया और प्रदेश के विकास व कल्याण के लिए उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया, मनकामेश्वर शिव मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गर्मजोशी से स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने भी लोगों से मुलाकात की और सभी का अभिवादन स्वीकार किया. धार्मिक यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने आस्था और परंपरा के साथ पूजा-अर्चना की, वहीं प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य और जनकल्याण की कामना भी की.

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
गुरु पूर्णिमा के इस धार्मिक आयोजन में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान समेत कई भाजपा नेता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. सभी ने आश्रम पहुंचकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान आश्रम परिसर में भक्तों और श्रद्धालुओं की भी बड़ी संख्या मौजूद रही.
कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचे CM साय
अघोर गुरु आश्रम बनोरा से लौटते समय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पंडरीपानी स्थित कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और विधिवत पूजा-अर्चना की. मुख्यमंत्री ने भगवान शिव से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की, इस दौरान श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया.
तीन दशक पहले रखी गई थी अघोर गुरु पीठ की नींव
रायगढ़ जिले के पूर्वांचल क्षेत्र में स्थित ग्राम बनोरा आज आध्यात्मिक साधना, मानव सेवा और समाज कल्याण के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बना चुका है. करीब तीन दशक पहले पूज्य अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम के प्रिय शिष्य बाबा प्रियदर्शी राम के कर कमलों से यहां अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट की नींव रखी गई थी, जो आज सेवा का केंद्र है, अघोरेश्वर महाप्रभु ने समाज विकास, मानव कल्याण और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया था. उनकी इसी विचारधारा को बाबा प्रियदर्शी राम ने आगे बढ़ाते हुए बनोरा को साधना, सेवा और संस्कारों का केंद्र बनाया. आज यह स्थान आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ-साथ समाज कल्याण और मानव सेवा के कार्यों के लिए भी जाना जाता है.



