CG News: बस्तर का 164 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली रवाना, राष्ट्रपति के सामने रखेगा नए बस्तर की तस्वीर
CG News: बस्तर का 164 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली के लिए रवाना हो गया है. यह दल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर बस्तर की संस्कृति, परंपराओं और बदलते स्वरूप को देश के सामने प्रस्तुत करेगा, प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा. इस दौरान बस्तर की लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराएं, सामाजिक व्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत की जानकारी साझा की जाएगी.

नए बस्तर का संदेश देंगे युवा
प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति को बताएगा कि आज का बस्तर तेजी से बदल रहा है. क्षेत्र अब शांति, विकास, शिक्षा, पर्यटन और नई संभावनाओं की दिशा में आगे बढ़ रहा है. युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर देशभर में नई पहचान बना रहे हैं, प्रतिनिधि यह भी बताएंगे कि सरकारी योजनाओं और सुरक्षा बलों के लगातार प्रयासों से बस्तर में विकास की गति तेज हुई है. इससे शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और आम जनजीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं.

संस्कृति और परंपराओं का होगा परिचय
राष्ट्रपति के समक्ष बस्तर की पारंपरिक लोक कला, रीति-रिवाज, सामाजिक व्यवस्था और जनजातीय संस्कृति की विशेषताओं को साझा किया जाएगा. इस मुलाकात का उद्देश्य देश के सामने बस्तर की सकारात्मक और समृद्ध पहचान को मजबूत करना है, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिल्ली रवाना हो रहे प्रतिनिधिमंडल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दल पूरे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय गौरव का प्रतिनिधित्व करेगा. उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गर्व का अवसर बताया.
बस्तर की नई पहचान बनेगी देश के सामने
विजय शर्मा ने कहा कि कभी चुनौतियों के लिए पहचाना जाने वाला बस्तर अब विकास, शिक्षा, खेल, पर्यटन और सांस्कृतिक चेतना की नई मिसाल बन रहा है. यह प्रतिनिधिमंडल देश को बस्तर के बदलते स्वरूप और नई सोच से परिचित कराएगा, इस यात्रा के माध्यम से पूरे देश को यह संदेश दिया जाएगा कि बस्तर अब केवल प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति के लिए ही नहीं, बल्कि शांति, विकास, लोकतांत्रिक भागीदारी और नए अवसरों के लिए भी जाना जा रहा है. यह पहल बस्तर की नई पहचान को राष्ट्रीय मंच पर मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.




