CG News: बिलासपुर को मिली 50 एयर कंडीशन्ड ई-बसों की सौगात, रूट तय करने में जनता की होगी भागीदारी
CG News: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत 50 एयर कंडीशन्ड ई-बसों की मंजूरी मिल गई है. इन बसों के संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं. प्रशासन का लक्ष्य है कि इसी साल दिसंबर से पहले चरण में ई-बसों का संचालन शुरू कर दिया जाए.

दो चरणों में मिलेंगी सभी बसें
अधिकारियों के मुताबिक पहले चरण में 35 ई-बसें बिलासपुर पहुंचेंगी, जबकि दूसरे चरण में 15 और बसें मिलेंगी. सभी बसें आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी, जिससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को नई मजबूती मिलेगी.
जनता की राय से तय होंगे रूट
ई-बसों के रूट तय करने से पहले जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसाइटी आम लोगों, छात्रों, नौकरीपेशा और नियमित यात्रियों से सुझाव ले रही है. यात्रियों की संख्या और जरूरत को ध्यान में रखते हुए अंतिम रूट निर्धारित किए जाएंगे, बिलासपुर के नागरिक अपने सुझाव ई-मेल के जरिए bdupssbilaspur@gmail.com पर भेज सकते हैं. इसके अलावा नगर निगम के विकास भवन स्थित अर्बन पब्लिक सर्विस सोसाइटी कार्यालय में जाकर भी अपनी राय दर्ज करा सकते हैं.
कोनी में बन रहा आधुनिक डिपो
ई-बसों के संचालन के लिए कोनी क्षेत्र में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक डिपो तैयार किया जा रहा है. निर्माण कार्य का बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है. यहां चार्जिंग स्टेशन, वर्कशॉप और 14 चार्जिंग प्वॉइंट्स जैसी जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, नगर निगम ने शुरुआती तौर पर छह प्रमुख रूट प्रस्तावित किए हैं. इनमें रेलवे स्टेशन से मस्तूरी, बिल्हा, रतनपुर, लुतरा शरीफ, कोटा और तखतपुर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने की योजना है. इससे शहर के साथ ग्रामीण और आसपास के इलाकों के यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी.
यात्रियों को मिलेगा आधुनिक सफर
नई एयर कंडीशन्ड ई-बसों के शुरू होने से यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल सफर मिलेगा. साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने से शहर में ट्रैफिक और प्रदूषण को भी नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है, यदि सभी तैयारियां तय समय पर पूरी होती हैं, तो दिसंबर से बिलासपुर की सड़कों पर नई ई-बसें दौड़ती नजर आएंगी. इससे शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और हजारों यात्रियों को रोजाना इसका लाभ मिलेगा.




