CG News: मन की बात कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री साय ने कई मुद्दों पर रखी अपनी बात
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठों के साथ शामिल हुए, कार्यक्रम के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री के संबोधन धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सीजीपीएससी भर्ती मामले सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी प्रतिक्रिया दी.

मन की बात को बताया प्रेरणादायक
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने के अंतिम रविवार को मन की बात के माध्यम से देशवासियों से संवाद करते हैं, इस कार्यक्रम को पूरे देश में बड़े उत्साह से सुना जाता है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री समय समय पर छत्तीसगढ़ का उल्लेख करते हैं जो प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान की बात है.
धर्मेंद्र प्रधान के फैसले की सराहना
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक सैद्धांतिक पार्टी है और उसके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है, उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिकता के आधार पर प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंपा है, साथ ही उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान छत्तीसगढ़ के प्रभारी भी रह चुके हैं और उनकी कार्यशैली से वह अच्छी तरह परिचित हैं.
सीजीपीएससी मामले पर कांग्रेस पर हमला
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए सीजीपीएससी भर्ती घोटाले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए, पिछली सरकार के दौरान प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय हुआ और भर्ती प्रक्रिया में भेदभाव किया गया.
जीरो टॉलरेंस नीति पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता में आने से पहले युवाओं से जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने का वादा किया था, उन्होंने कहा कि उसी नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है, जो भी दोषी पाए जा रहे हैं उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और उन्हें कानून के अनुसार जेल भेजा जा रहा है.



