CG News: छत्तीसगढ़ में हर घर नल योजना की समीक्षा, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन से सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया. मुख्य सचिव ने कहा कि योजना का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है, जिससे महिलाओं का समय बचेगा, जलजनित बीमारियां कम होंगी और स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.

31 अगस्त तक होगा योजनाओं का भौतिक सत्यापन
बैठक में मुख्य सचिव ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि जिन जल जीवन मिशन परियोजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, उनका 31 अगस्त तक शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कराया जाए. सत्यापन के बाद संबंधित एजेंसियों का भुगतान भी समय पर सुनिश्चित किया जाए. वहीं, जिन परियोजनाओं का कार्य अभी अधूरा है, उन्हें हर हाल में 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए.

लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही या अनावश्यक देरी करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए. साथ ही कलेक्टरों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए रनिंग बिलों का भुगतान समय पर कराया जाए.
जल संरक्षण और नए स्रोतों पर बनेगी कार्ययोजना
बैठक में प्रत्येक जिले को जल स्रोतों का सर्वे कर नए जल स्रोतों की पहचान करने, जल संरक्षण और रिचार्ज व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए. जहां मौजूदा स्रोतों से पेयजल उपलब्ध कराना संभव नहीं है, वहां वैकल्पिक स्रोतों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने को कहा गया. इसके अलावा डीएमएफ, सांसद निधि, विधायक निधि, सीएसआर और अन्य वित्तीय स्रोतों का उपयोग कर परियोजनाओं को पूरा करने पर भी जोर दिया गया.
सोलर नल-जल योजनाओं की भी हुई समीक्षा
मुख्य सचिव ने सोलर आधारित नल-जल योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को योजना-वार स्वीकृत राशि और खर्च का मिलान करने तथा सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
हर गांव में शत-प्रतिशत नल जल कवरेज का लक्ष्य
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी जिले गांवों को इकाई मानकर शत-प्रतिशत नल जल कनेक्शन का लक्ष्य तय करें. जिला जल एवं स्वच्छता समिति की नियमित मासिक बैठक आयोजित की जाए और उसकी कार्यवाही समय पर विभागीय पोर्टल पर अपलोड की जाए. उन्होंने कलेक्टरों से मिशन मोड में काम करते हुए बेहतर समन्वय और प्रभावी योजना के साथ प्रत्येक परिवार तक समय पर नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए.
