CG News: महतारी वंदन योजना से 68.5 लाख महिलाओं को आर्थिक संबल, मुख्यमंत्री साय ने गिनाईं सरकार की बड़ी उपलब्धियां
CG News: रायपुर में आयोजित ‘इमर्जिंग छत्तीसगढ़, सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला सशक्तिकरण, रोजगार, बस्तर के विकास, उद्योग, पर्यटन और सुशासन को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को विस्तार से साझा किया. उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है.
महिलाओं को मिल रहा सीधा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की करीब 68.5 लाख विवाहित महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 1,000 रुपए सीधे भेजे जा रहे हैं. अब तक 29 किश्तों के माध्यम से लगभग 18,800 करोड़ रुपए की राशि महिलाओं तक पहुंचाई जा चुकी है. उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना से मिली राशि का उपयोग कई महिलाएं स्वरोजगार शुरू करने में कर रही हैं. किसी ने सिलाई मशीन खरीदकर काम शुरू किया, किसी ने किराना या सब्जी की दुकान खोली, तो कई परिवार अपनी बेटियों के भविष्य के लिए बचत योजनाओं में निवेश कर रहे हैं. इससे महिलाओं की परिवार के निर्णयों में भागीदारी भी बढ़ी है.
राम मंदिर निर्माण में भी किया योगदान
मुख्यमंत्री ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दानसरा गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां की महिलाओं ने महतारी वंदन योजना से मिली राशि को एकत्र कर भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण का कार्य शुरू किया है. उन्होंने इसे सामाजिक भागीदारी और सांस्कृतिक संरक्षण का प्रेरक उदाहरण बताया, सरकार के अनुसार प्रदेश में 2.86 लाख से अधिक महिला स्व-सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे लगभग 30 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं. इन समूहों को रेडी-टू-ईट कार्यक्रम, ऋण सुविधा और अन्य आर्थिक सहायता के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
बस्तर में विकास और रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में सुरक्षा के साथ-साथ विकास कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है. नियद नेल्ला नार योजना के तहत 500 से अधिक गांवों तक विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है. वहीं मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत लाखों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है. सिंचाई परियोजनाओं, पर्यटन विकास और वनोपज आधारित उद्योगों के माध्यम से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं.
रोजगार, उद्योग और नई भर्तियों पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नई औद्योगिक नीति के जरिए बड़े निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है. सरकार को अब तक 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे भविष्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है. उन्होंने यह भी बताया कि विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया जारी है और जल्द ही 5 हजार शिक्षकों की भर्ती भी की जाएगी, कार्यक्रम में कई महिलाओं ने महतारी वंदन योजना से मिले लाभ साझा किए. बलौदाबाजार की मीना देवांगन ने बताया कि उन्होंने योजना की राशि से चूड़ी का व्यवसाय शुरू किया, जबकि एक अन्य हितग्राही ने कहा कि इसी राशि से वह अपने बच्चे की स्कूल फीस का भुगतान कर रही हैं. महिलाओं ने योजना को परिवार की आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताया.

