CG News: छत्तीसगढ़ में यूनिफॉर्म सिविल कोड की तैयारी शुरू, ड्राफ्ट बनाने समिति की पहली बैठक 24 जुलाई को
CG News: छत्तीसगढ़ में यूनिफॉर्म सिविल कोड, UCC लागू करने की प्रक्रिया अब आगे बढ़ने लगी है. राज्य सरकार की ओर से गठित विशेषज्ञ समिति की पहली औपचारिक बैठक 24 जुलाई को आयोजित की जाएगी. इस बैठक में प्रदेश में UCC लागू करने के लिए कानूनी प्रारूप तैयार करने की दिशा में चर्चा होगी.

सेवानिवृत्त जस्टिस रंजना देसाई करेंगी अध्यक्षता
UCC के लिए बनाई गई उच्चस्तरीय समिति की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की सेवानिवृत्त जस्टिस रंजना देसाई कर रही हैं. समिति में उत्तराखंड के पूर्व IAS अधिकारी शत्रुघ्न सिंह, छत्तीसगढ़ के पूर्व IAS अधिकारी MK रावत, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार और रिटायर्ड प्रिंसिपल ज्योति रानी सिंह को शामिल किया गया है.
मुख्य सचिव कक्ष में होगी बैठक
जानकारी के अनुसार, समिति की पहली बैठक 24 जुलाई को दोपहर 12 बजे मुख्य सचिव विकास शील के कक्ष में होगी. इस बैठक को छत्तीसगढ़ में UCC लागू करने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, बैठक में राज्य के मौजूदा कानूनी ढांचे और UCC लागू करने की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा. समिति विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार, संपत्ति अधिकार और गोद लेने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार कर विस्तृत ड्राफ्ट तैयार करेगी.
सरकार को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
विशेषज्ञ समिति अध्ययन और चर्चा के बाद अपनी सिफारिशें राज्य सरकार को सौंपेगी. इसके आधार पर सरकार आगे की प्रक्रिया तय करेगी. छत्तीसगढ़ में UCC को लेकर यह बैठक आने वाले समय में कानून बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभा सकती है.

