CG News: नवा रायपुर में विधानसभा भवन और लोकभवन का निरीक्षण, पेपरलेस सिस्टम को लेकर तेजी लाने के निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ में विधानसभा को ‘पेपरलेस’ बनाने की दिशा में चल रहे कार्यों में अब तेजी लाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन का निरीक्षण करते हुए तकनीकी व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल सिस्टम के लिए सभी जरूरी हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर समय पर स्थापित किए जाएं।

लोकभवन निर्माण कार्य का निरीक्षण
सचिव ने निर्माणाधीन ‘लोकभवन’ (राजभवन) का भी निरीक्षण किया और पूरे परिसर के लेआउट व फ्लोर प्लान की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को काम में तेजी लाने और गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए। भवन को राज्यपाल की गरिमा के अनुरूप उत्कृष्ट रूप देने पर भी जोर दिया गया।
विधानसभा भवन में सुविधाओं की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान सचिव ने विधानसभा भवन के प्रवेश द्वार, सदन, लॉबी, मीडिया ब्रीफिंग एरिया, समिति कक्ष, मुख्यमंत्री कार्यालय, मंत्रियों के कार्यालय और अन्य सभी हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने सभी कक्षों में उचित फर्नीचर, बैठक व्यवस्था और आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
पार्किंग और ड्राइवर रूम पर विशेष निर्देश
श्री बंसल ने विधानसभा परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था और वाहन चालकों के लिए सर्वसुविधायुक्त ड्राइवर रूम बनाने के निर्देश दिए। साथ ही आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय और विधानसभा ड्यूटी स्टाफ के लिए कैन्टीन बनाने का सुझाव भी दिया गया।
तकनीकी व्यवस्था और समयसीमा तय
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मानसून सत्र से पहले मौजूदा कमियों को दूर किया जाए और शीतकालीन सत्र तक पेपरलेस सिस्टम पूरी तरह लागू किया जाए। इसके लिए लोक निर्माण विभाग और CHiPS के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया। कार्य की प्रगति की समीक्षा हर पखवाड़े की जाएगी।



