CG News: रायपुर में 31 जुलाई से द लोकल मेकर्स मार्केट, देशभर के कलाकार और शिल्पकार होंगे शामिल
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक द लोकल मेकर्स मार्केट – एडिशन II का आयोजन होगा। विधानसभा रोड स्थित द वाहे में होने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में देशभर के शिल्पकार, कलाकार और क्रिएटिव ब्रांड एक मंच पर नजर आएंगे। आयोजन दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा.

70 से अधिक मेकर्स होंगे शामिल
इस बार मेकर्स मार्केट में 70 से अधिक मेकर्स और 10 से ज्यादा कलाकार हिस्सा लेंगे। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से शिल्पकार रायपुर पहुंचेंगे। आयोजन का उद्देश्य हस्तनिर्मित उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ रायपुर को देश के प्रमुख सांस्कृतिक और हस्तशिल्प केंद्र के रूप में स्थापित करना है.

हस्तशिल्प के साथ सांस्कृतिक उत्सव
मेकर्स मार्केट में फैशन, होम डेकोर, ज्वेलरी, पॉटरी, फाइन आर्ट और मूर्तिकला जैसी कई विधाओं की प्रदर्शनी लगेगी। इसके साथ लाइव क्राफ्ट डेमोंस्ट्रेशन, रचनात्मक वर्कशॉप, क्षेत्रीय व्यंजन और हर शाम लोक, शास्त्रीय तथा सूफी संगीत की प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी.

बस्तर पवेलियन रहेगा खास आकर्षण
इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण बस्तर पवेलियन होगा, जिसे छत्तीसगढ़ शासन के ग्रामीण उद्योग विभाग के सहयोग से तैयार किया गया है। यहां बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा धातु कला, रॉट आयरन शिल्प और जनजातीय कला को गैलरी शैली में प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि लोग इसकी समृद्ध विरासत को करीब से जान सकें.
रायपुर को मिलेगी नई पहचान
आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल बाजार नहीं, बल्कि रायपुर और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की पहल है। द लोकल की संस्थापक पारुल खुराना ने कहा कि यह मंच कलाकारों और शिल्पकारों की कला को देशभर के लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बन चुका है.
31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजन
द लोकल की शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी और इसके आयोजनों में अब तक 3.5 लाख से अधिक लोग शामिल हो चुके हैं। इस वर्ष का मेकर्स मार्केट 31 जुलाई से 2 अगस्त तक विधानसभा रोड स्थित द वाहे में आयोजित होगा। आयोजन में कला, संस्कृति, संगीत, भोजन और हस्तशिल्प का अनूठा संगम देखने को मिलेगा.


