CG News: छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन 2.0 को लेकर बड़ा निर्देश, 2028 तक हर ग्रामीण घर में शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य
CG News: रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन की अपेक्स कमेटी की बैठक संपन्न हुई। मुख्य सचिव विकासशील ने जल जीवन मिशन के तहत नियमित जलापूर्ति और पेयजल की शुद्धता की लगातार जांच सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पानी पहुंचना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
2028 तक पूरा होगा लक्ष्य
बैठक में यह लक्ष्य तय किया गया कि वर्ष 2028 तक छत्तीसगढ़ के हर ग्रामीण घर में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए जल जीवन मिशन 2.0, पीएम जनमन कार्यक्रम और विभिन्न योजनाओं के तहत व्यापक कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

संचालन और मॉनिटरिंग पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने कहा कि गांवों में पानी की टंकियों और नल कनेक्शन का काम पूरा होने के बाद अब सबसे अहम जिम्मेदारी नियमित जलापूर्ति और पानी की गुणवत्ता बनाए रखने की है। उन्होंने ग्राम पंचायतों को संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी देने के साथ महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य करने के निर्देश दिए।
डिजिटल ट्रैकिंग और पारदर्शिता पर फोकस
जल जीवन मिशन के तहत वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि केंद्र से प्राप्त फंड का उपयोग केवल स्वीकृत कार्यों में ही किया जाए। साथ ही सुजलम भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म और पीएम गति शक्ति ऐप के माध्यम से जल आपूर्ति की रियल-टाइम मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान
बैठक में एलडब्ल्यूई (नक्सल प्रभावित) और दुर्गम आदिवासी क्षेत्रों में चल रही योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सिंगल विलेज स्कीम के तहत 29,090 योजनाएं और बल्क वॉटर स्कीम के तहत 70 बड़ी योजनाएं संचालित की जा रही हैं ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों तक शुद्ध पानी पहुंच सके।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव और सचिव शामिल हुए। साथ ही केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी वर्चुअल और प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जल संरक्षण और “जल अर्पण” जैसी नई पहलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।




