CG News: पुनर्वास से आत्मनिर्भरता की ओर: बीजापुर में महिलाओं को मिल रहे रोजगार के नए अवसर
CG News: कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहा बीजापुर अब विकास और आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रहा है। शांति बहाली और पुनर्वास नीति के प्रभाव से जिला तेजी से मुख्यधारा की ओर बढ़ रहा है।
पुनर्वास नीति से नई उम्मीदें
राज्य सरकार की पुनर्वास नीति केवल आत्मसमर्पण तक सीमित नहीं है, बल्कि पुनर्वासित परिवारों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल की गई है।
सिलाई प्रशिक्षण से सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत बीजापुर की पुनर्वासित महिलाओं को स्थानीय गारमेंट फैक्ट्री में सिलाई प्रशिक्षण दिया जा रहा है, यहां उन्हें आधुनिक मशीन संचालन और परिधान निर्माण की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी जा रही है।
प्रशिक्षण के बाद मिलेगा रोजगार
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इन महिलाओं को उसी गारमेंट फैक्ट्री में रोजगार भी दिया जाएगा। इससे उन्हें नियमित आय का स्रोत मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी, इन महिलाओं को लगभग ₹5,000 से ₹8,000 प्रतिमाह तक का पारिश्रमिक मिलने की संभावना है, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकेंगी।
नई जिंदगी की शुरुआत
जो महिलाएं कभी असुरक्षा और हिंसा के माहौल में जीवन जी रही थीं, वे अब आत्मविश्वास के साथ एक सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ रही हैं, यह पहल केवल रोजगार नहीं, बल्कि सामाजिक पुनर्वास और मुख्यधारा से जोड़ने का मजबूत माध्यम बन रही है। बीजापुर अब शांति, विकास और आत्मनिर्भरता का नया प्रतीक बनता जा रहा है।




