CG News: जनगणना 2027 की तैयारियों में छत्तीसगढ़ की बड़ी प्रगति, 60% से अधिक मकान सूचीकरण कार्य पूरा
CG News: छत्तीसगढ़ में आगामी राष्ट्रीय जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेजी से जारी हैं। राज्यभर में मकान सूचीकरण ब्लॉकों (HLB) के गठन और सत्यापन का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
राज्य में 60% से अधिक कार्य पूरा
आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अब तक 60.73% मकान सूचीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है। कुल 48,742 ब्लॉकों में से 29,602 ब्लॉकों का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए मैदानी टीमों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा होना सराहनीय है। साथ ही उन्होंने धीमी गति वाले नगर निगम क्षेत्रों में कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
GPM जिला बना नंबर-1
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले ने 100% लक्ष्य हासिल कर राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिले के सभी 528 मकान सूचीकरण ब्लॉकों का कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है, इसके बाद जशपुर (99.87%) और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (99.84%) जैसे जिले भी लगभग पूर्णता के करीब हैं, GPM जिले के कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने इस उपलब्धि का श्रेय टीमवर्क, माइक्रो प्लानिंग और डिजिटल मॉनिटरिंग को दिया है। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद लक्ष्य हासिल करना एक बड़ी सफलता है।
शहरों की धीमी रफ्तार चिंता का विषय
जहां ग्रामीण जिलों ने शानदार प्रदर्शन किया है, वहीं बड़े नगर निगम क्षेत्रों की रफ्तार बेहद धीमी रही है। रायपुर, भिलाई और रायगढ़ जैसे शहरों में कार्य अपेक्षाकृत कम पूरा हुआ है, रायपुर में केवल 10.34% कार्य, भिलाई में 7.84% और रायगढ़ में 4.65% ही पूरा हो सका है, हालांकि राहत की बात यह है कि अधिकांश जिलों में काम शुरू हो चुका है और “HLB Not Started” का आंकड़ा लगभग शून्य है। अधिकारियों ने सभी लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।



