CG News: छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, 48 हजार से ज्यादा HLB में 60% कार्य पूरा
CG News: छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय जनगणना 2027 की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। राज्यभर में मकान सूचीकरण ब्लॉकों (HLB) के गठन और सत्यापन का काम युद्ध स्तर पर जारी है। प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार अब तक 60 प्रतिशत से ज्यादा कार्य पूरा किया जा चुका है।
48 हजार ब्लॉकों में चल रहा काम
राज्य में कुल 48,742 HLB ब्लॉकों में से 29,602 ब्लॉकों का कार्य पूरा हो चुका है। डिजिटल तकनीक और ऑनलाइन मॉनिटरिंग की मदद से पूरे अभियान को समयसीमा में पूरा करने की कोशिश की जा रही है।

GPM जिला बना नंबर-1
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिला इस अभियान में सबसे आगे रहा है। यहां 528 में से सभी ब्लॉकों का काम पूरा कर 100 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है। इसके अलावा जशपुर और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले भी लगभग लक्ष्य के करीब पहुंच चुके हैं।
मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनगणना कार्य में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सही जनगणना आंकड़े भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों की मजबूत नींव बनेंगे। मुख्यमंत्री ने बड़े शहरों में काम की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं।
शहरों की रफ्तार धीमी
जहां ग्रामीण जिलों में काम तेजी से हुआ है, वहीं कई नगर निगम क्षेत्रों में प्रगति धीमी रही। रायगढ़ नगर निगम में सबसे कम 4.65 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। वहीं भिलाई, रिसाली और रायपुर जैसे बड़े शहरों में भी कार्य की गति अपेक्षा से कम बताई गई है।
डिजिटल मॉनिटरिंग से बढ़ी पारदर्शिता
प्रशासन ने बताया कि लगभग सभी जिलों में काम शुरू हो चुका है और अब शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड स्तर पर समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं।
अहम होगी जनगणना
सरकार का मानना है कि जनगणना 2027 के आंकड़े भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं, बजट और विकास कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होंगे। यही कारण है कि पूरे अभियान को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।



