CG News: कोसला गांव में मुख्यमंत्री साय की चौपाल, सादगी और संवेदनशीलता की दिखी मिसाल
CG News: सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम कोसला पहुंचे। गांव पहुंचते ही मुख्यमंत्री का बेहद सरल और आत्मीय रूप देखने को मिला, जब वे पीपल के पेड़ की छांव तले लगी चौपाल में ग्रामीणों के बीच खाट पर बैठकर सीधे संवाद करने लगे।
ग्रामीणों से सीधा संवाद
मुख्यमंत्री ने महिलाओं, किसानों और ग्रामीणों से बातचीत करते हुए शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
“महतारी सदन” और स्कूल भवन की घोषणा
ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने ग्राम कोसला में “महतारी सदन” निर्माण की घोषणा की। साथ ही क्षेत्र में बेहतर शिक्षा सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण की भी घोषणा की, जिससे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
महिलाओं ने साझा किए अनुभव
गांव की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि महतारी वंदन योजना से उन्हें हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे परिवार की जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही है।
“लखपति दीदी” की सफलता की कहानी
ग्राम की नीमा तिवारी ने मुख्यमंत्री को बताया कि बिहान योजना से मिली सहायता से उन्होंने आटा चक्की व्यवसाय शुरू किया और आज पांच चक्कियां संचालित कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सराहना करते हुए अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थिति की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम कोसला में अब तक 474 परिवारों को योजना का लाभ मिल चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराने का काम लगातार जारी रहेगा।
किसानों और ग्रामीण विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है और धान खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के जरिए सरकार गांव-गांव पहुंचकर जनता की समस्याओं का समाधान कर रही है।



