CG News: दिल्ली में बस्तर विकास मॉडल पर मंथन, गृह मंत्री अमित शाह से CM साय की अहम मुलाकात
CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर में अब बदलाव की नई तस्वीर दिखाई देने लगी है। जिन इलाकों में कभी एम्बुलेंस पहुंचना भी मुश्किल माना जाता था, वहां अब डॉक्टर, दवाइयां और स्वास्थ्य टीमें नियमित रूप से पहुंच रही हैं। इसी तेजी से बदलते बस्तर मॉडल को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से अहम मुलाकात की।
![]()
बस्तर में स्वास्थ्य क्रांति पर हुई चर्चा
बैठक में विशेष रूप से “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” की प्रगति पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि दूरस्थ और दुर्गम गांवों में स्वास्थ्य टीमें पैदल पहुंचकर लोगों की जांच कर रही हैं। गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर मरीजों को मुफ्त इलाज और जरूरत पड़ने पर बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है, उन्होंने बताया कि सिर्फ एक महीने में 21.86 लाख से ज्यादा लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है और उनके डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किए गए हैं।
सुरक्षा शिविर अब बन रहे जन सुविधा केंद्र
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि बस्तर के पुराने सुरक्षा शिविरों को अब “जन सुविधा केंद्र” के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल रही हैं, इन केंद्रों के जरिए दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों को पहली बार बुनियादी सेवाओं का सीधा लाभ मिलने लगा है। अब लोगों को इलाज, बैंक खाते या सरकारी दस्तावेजों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ रही।
36 लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान की शुरुआत 13 अप्रैल 2026 को सुकमा से हुई थी। इस अभियान के तहत 36 लाख लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही “बस्तर मुन्ने अभियान” के जरिए 31 सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम भी तेजी से चल रहा है, मुख्यमंत्री ने बताया कि जगदलपुर में नया सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू हो चुका है। इससे अब बस्तर के लोगों को गंभीर इलाज के लिए रायपुर या बिलासपुर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं डायल-112 की नेक्स्ट जनरेशन सेवा और जन सुविधा केंद्रों का विस्तार भी तेजी से किया जा रहा है।
केंद्रीय गृहमंत्री ने की सराहना
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बस्तर में हो रहे विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 18 और 19 मई को बस्तर प्रवास पर आ सकते हैं। ऐसे में बस्तर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर तैयारियां भी तेज हो गई हैं।


