CG News: नगरीय प्रशासन विभाग की नई सचिव शंगीता आर. एक्शन मोड में, अधिकारियों से की वन-टू-वन चर्चा
CG News: नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की नई सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने पदभार संभालते ही विभागीय कामकाज की समीक्षा शुरू कर दी है। सोमवार सुबह उन्होंने नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन पहुंचकर विभागीय संचालनालय और सूडा कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद कर कार्यों की प्रगति और प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी ली।
योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर
सचिव शंगीता आर. ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तय समय-सीमा के भीतर और पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और इसके लिए प्रशासनिक कुशलता बेहद जरूरी है।
प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक के दौरान उन्होंने नगरीय निकायों की योजनाओं, स्वच्छता अभियान, जलप्रदाय व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन और अन्य शहरी विकास परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों को लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों-कर्मचारियों को किया प्रेरित
श्रीमती शंगीता आर. ने सभी कर्मचारियों से समयबद्ध उपस्थिति और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में तन्मयता और संवेदनशीलता जरूरी है ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
IAS बनने की यादों को किया ताजा
बैठक के दौरान सचिव शंगीता आर. ने अपने प्रशासनिक जीवन का एक भावुक पल भी साझा किया। उन्होंने बताया कि 11 मई 2005 को उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित होने का गौरव मिला था। इस खास मौके को याद करते हुए उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव और जीवन यात्रा से जुड़ी बातें अधिकारियों के साथ साझा कीं।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शशांक पाण्डेय, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुष्यंत कुमार रायस्त, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा और संयुक्त संचालक मिथिलेश अवस्थी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




