CG News: छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार, PPP मॉडल से बनेंगे ट्रांसपोर्ट नगर
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में औद्योगिक विकास को तेज करने की दिशा में बड़े कदम उठा रही है। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित सार्वजनिक निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति (PPPAC) की बैठक में कई महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं पर चर्चा हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में निवेश बढ़ाना और औद्योगिक अधोसंरचना को मजबूत करना रहा।

PPP मॉडल पर फोकस
बैठक में PPP मॉडल के तहत कई बड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर विचार किया गया। इनमें बिलासपुर में ट्रांसपोर्ट नगर का विकास, नवा रायपुर में आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण, धमतरी और बलौदाबाजार में नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना शामिल है। इसके अलावा भिलाई में कमर्शियल टॉवर और फ्लेटेड फैक्ट्री बिल्डिंग निर्माण की योजना भी चर्चा में रही।
निवेश बढ़ाने की तैयारी
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक परियोजनाओं में आने वाली प्रशासनिक बाधाओं को कम किया जाए। उन्होंने प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे राज्य में निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और नए उद्योगों को गति मिलेगी।
पारदर्शी आवंटन प्रक्रिया पर मंथन
बैठक में इंडस्ट्रियल पार्कों के आवंटन नियमों को और बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। सरकार चाहती है कि निवेशकों को आसान और स्पष्ट प्रक्रिया मिले ताकि उद्योग स्थापना में देरी न हो।
विभागीय अधिकारियों ने दी प्रोजेक्ट अपडेट
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव रजत कुमार ने विभिन्न PPP परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगे की रणनीति पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। बैठक में विधि, वित्त, योजना और CSIDC के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।




