CG News: मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान, सुकमा में 1.54 लाख लोगों की जांच, दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवा
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में सुकमा जिले में मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और जरूरतमंद नागरिकों को समय पर इलाज उपलब्ध कराना है।
1.54 लाख से अधिक लोगों की जांच
जिला प्रशासन के अनुसार, सुकमा में इस अभियान के तहत कुल 2,93,386 लोगों की स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 1,54,157 लोगों की जांच पूरी हो चुकी है। जांच के दौरान हजारों मरीजों को विभिन्न बीमारियों के लिए चिन्हित कर उपचार की सुविधा दी जा रही है।

जिला अस्पताल में इलाज
कोंटा विकासखंड के नियद नेल्लानार क्षेत्र के अरलमपल्ली, पोलमपल्ली, दोरनापाल, बगड़ेगुड़ा, रंगाईगुड़ा, कोलईगुड़ा और पेंटापाड़ जैसे गांवों से 39 मरीजों को जिला चिकित्सालय सुकमा लाकर इलाज कराया गया, इन मरीजों में 16 लोगों को चश्मा उपलब्ध कराया गया, जबकि 8 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया।
गंभीर मरीजों का विशेष इलाज
गोगुंडा पहाड़ी क्षेत्र से 5 उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित लाकर जांच की गई और आवश्यक परामर्श के बाद उन्हें वापस भेजा गया। वहीं कोसागुड़ा से 6 मरीजों को अल्ट्रासाउंड और रक्त चढ़ाने की सुविधा दी गई। इसके अलावा हाथ-पैर सूजन से पीड़ित 4 मरीजों का भी उपचार किया गया, अभियान के दौरान अब तक 4,990 मरीजों को मोतियाबिंद, मलेरिया, टीबी, कुष्ठ, खून की कमी, कुपोषण, बीपी और शुगर जैसी बीमारियों के लिए चिन्हित किया गया है। इन सभी को प्राथमिक, सामुदायिक और जिला स्तर पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता
कलेक्टर अमित कुमार ने बताया कि यह अभियान इस बात को सुनिश्चित करता है कि कोई भी जरूरतमंद नागरिक इलाज से वंचित न रहे। मरीजों को समय पर अस्पताल लाना, जांच, ऑपरेशन और उपचार की पूरी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मरीजों के इलाज के बाद उन्हें सुरक्षित उनके गांव वापस भेजने की व्यवस्था की। सुबह 6 बजे एम्बुलेंस की मदद से मरीजों को जिला अस्पताल लाया गया, नाश्ता कराया गया और फिर उन्हें उनके घरों तक पहुंचाया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
यह अभियान इस बात का उदाहरण है कि सरकार और प्रशासन मिलकर दूरस्थ इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए गंभीर प्रयास कर रहे हैं, ताकि हर नागरिक को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।



