CG News: सुशासन तिहार में ग्रामीणों को मिली सौगात, मंत्री टंकराम वर्मा ने बांटी खुशियां
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से सरसीवा तहसील के ग्राम पंचायत झुमका में ‘सुशासन तिहार’ के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा शामिल हुए, कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर आवेदन निराकरण की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को समयसीमा में समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

ट्रैक्टर, चेक और प्रमाण पत्र वितरित
शिविर में कई हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। एक किसान को ट्रैक्टर खरीदी के लिए 2.50 लाख रुपये का अनुदान दिया गया, जबकि कई किसानों को बोर खनन के लिए 43 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए, इसके अलावा लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और अन्य आवश्यक सामग्री भी सौंपी गई। ट्रैक्टर की चाबी और सहायता राशि पाकर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
2310 आवेदन मिले
शिविर में कुल 2310 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 272 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। प्रशासन की ओर से लोगों की समस्याओं को तेजी से हल करने का प्रयास किया गया, कार्यक्रम में नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया और गर्भवती महिलाओं को उपहार वितरित किए गए। स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद विभाग द्वारा ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
पात्र हितग्राही को योजना का लाभ
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत पर काम कर रही है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कई विभागों ने लगाए स्टॉल
शिविर में राजस्व, खाद्य, मत्स्य, स्वास्थ्य, पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां किसान पुस्तिका, बी-1, जाति प्रमाण पत्र, पेंशन स्वीकृति और दिव्यांग प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीयन कराया, इस मौके पर बिलाईगढ़ विधायक कविता लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडेय, ग्राम पंचायत झुमका के सरपंच धनंजय साहू, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



