CG News: बिलासपुर में वन विकास निगम की हरित क्रांति, 5 वर्षों में 27 लाख से अधिक पौधों का रोपण
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में वन विकास निगम ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पिछले पांच वर्षों में जिले में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कर “हरित क्रांति” का नया उदाहरण पेश किया गया है।

27 लाख से अधिक पौधों का रोपण
वर्ष 2021 से 2025-26 के बीच बिलासपुर (कोटा परियोजना मंडल) में कुल 27 लाख 14 हजार 350 पौधे लगाए गए हैं। इससे लगभग 951.980 हेक्टेयर क्षेत्र हरियाली से आच्छादित हो गया है, इस अभियान के तहत 852 हेक्टेयर क्षेत्र के 66 कक्षों में 21.30 लाख पौधे लगाए गए, जिनमें मुख्य रूप से सागौन के पौधे शामिल हैं। इसके अलावा नीलगिरी और सागौन के क्लोनल पौधों के जरिए तेजी से बढ़ने वाले हरित क्षेत्र का विकास किया गया।
शहरी क्षेत्रों में भी हरियाली
विभिन्न परियोजनाओं के तहत शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में 3.16 लाख से अधिक पौधे लगाए गए, जिससे ग्रीन कवर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, वर्ष 2025-26 में अरपा नदी के किनारों पर विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 3.620 हेक्टेयर क्षेत्र में 20,300 पौधे लगाए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य नदी तटों का संरक्षण, भू-क्षरण रोकना और पारिस्थितिकी को मजबूत करना है।
पर्यावरण पर दूरगामी प्रभाव
वन विकास निगम के ये प्रयास न केवल स्थानीय जलवायु संतुलन बनाए रखने में मदद कर रहे हैं, बल्कि जैव विविधता संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।



