CG News: मुख्यमंत्री साय ने वीरांगना रानी दुर्गावती को दी श्रद्धांजलि, कहा – उनका जीवन प्रेरणा का स्रोत
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया।
बलिदान दिवस पर किया माल्यार्पण
मुख्यमंत्री श्री साय ने रायपुर स्थित केनाल लिंकिंग रोड पर आयोजित कार्यक्रम में रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
इतिहास में अमिट है रानी दुर्गावती का नाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने मुगल सेना के खिलाफ अद्वितीय वीरता का प्रदर्शन करते हुए अंतिम सांस तक संघर्ष किया और वीरगति प्राप्त की।
इतिहास को याद रखना आवश्यक
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो समाज अपने इतिहास और महापुरुषों को याद रखता है, उसका भविष्य उज्ज्वल होता है। रानी दुर्गावती का शौर्य आज भी करोड़ों लोगों के लिए साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा है, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी, विरासत भी” मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास तभी सार्थक है जब हम अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को भी संरक्षित रखें। रानी दुर्गावती की राष्ट्रचेतना आज भी समाज को दिशा देती है।
भविष्य के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन केवल इतिहास नहीं बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए प्रेरणा है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प और मजबूत करना होगा।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक भूलन सिंह मरावी, डॉ. नंदकुमार साय, महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
