CG News: CM साय का अनोखा अंदाज, निर्माण स्थल पर श्रमदान, श्रमिक बहनों के साथ की ईंट जोड़ाई
CG News: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के ग्राम लोखन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निरीक्षण के दौरान एक अलग ही उदाहरण पेश किया। उन्होंने निर्माणाधीन पंचायत भवन का जायजा लेने के साथ खुद श्रमदान करते हुए ईंट जोड़ाई में हिस्सा लिया।

श्रमिक बहनों के साथ किया काम
मुख्यमंत्री ‘रानी मिस्त्री’ के रूप में काम कर रहीं श्रमिक बहनों के बीच पहुंचे और उनके साथ मिलकर ईंट जोड़ाई की। इस दौरान उन्होंने कुछ समय तक निर्माण कार्य में हाथ बंटाया, जिससे वहां मौजूद लोगों में उत्साह का माहौल बन गया।
श्रमिक बहन ने CM को सिखाया काम
काम के दौरान श्रमिक बहन संगीता ने मुस्कुराते हुए मुख्यमंत्री से कहा, “ईंट जोड़ाई अच्छे से करिए… मसाला बढ़िया से डालिए।” यह संवाद वहां मौजूद सभी लोगों के लिए खास बन गया और सरकार-जनता के बीच बढ़ते विश्वास को दर्शाता नजर आया।
सुशासन का जमीन पर उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के साथ मिलकर उन्हें जमीन पर उतारना ही असली उद्देश्य है। उन्होंने इसे सहभागिता और विश्वास का मजबूत उदाहरण बताया।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। साथ ही श्रमिकों के लिए पेयजल, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा, मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के जरिए सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। यह पहल प्रशासन को संवेदनशील और जवाबदेह बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।




