CG News : कांकेर जिले में 21 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
CG News : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलवाद के खिलाफ जारी अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले मे 21 सक्रिय नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।
रेड कारपेट पर स्वागत
यह आत्मसमर्पण जंगलवार कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हुआ, जहां सभी नक्सलियों का रेड कारपेट बिछाकर स्वागत किया गया। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज ने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को संविधान की प्रति भेंट कर मुख्यधारा में उनका स्वागत किया।
पुलिस की नई रणनीति कारगर साबित हुई
नक्सलवाद के खात्मे के लिए सुरक्षा बलों ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। अब आत्मसमर्पण को प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस ने नक्सलियों को स्पष्ट संदेश दिया था कि आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने वालों का स्वागत किया जाएगा, अन्यथा फोर्स कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार है।
नई रणनीति का असर साफ दिख रहा है। इसी माह, जगदलपुर में भी 208 नक्सलियों ने 109 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया था।कांकेर जिले के दो एरिया कमेटियों के इन 21 नक्सलियों ने 18 हथियार भी पुलिस को सौंपे हैं।
आई जी ने कहा नक्सल संगठन कमजोर पड़ा
आईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि नक्सल संगठन लगातार कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब संगठन के पोलित ब्यूरो और सेंट्रल कमेटी में 45 सदस्य हुआ करते थे, जो अब 6 से 7 रह गए हैं।उन्होंने दक्षिण बस्तर के जंगलों में छिपे बाकी नक्सलियों से शांति का रास्ता अपनाने और तुरंत आत्मसमर्पण करने की अपील की है।



