CG News : नियमितीकरण की मांग को लेकर चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों की पदयात्रा शुरू
CG News : राज्य सरकार से नियमितीकरण की मांग को लेकर बस्तर अंचल के चतुर्थ वर्ग कर्मचारी एक बार फिर आंदोलनरत हो गए हैं। सोमवार से कोंडागांव जिले के बनियागांव से रायपुर विधानसभा की ओर 300 किलोमीटर लंबी पदयात्रा शुरू की गई है।
कर्मचारियों का फूटा आक्रोश
इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी, छोटे बच्चे और दिव्यांग कर्मचारी भी शामिल हैं। तपती धूप और बारिश के बीच, कर्मचारियों ने रायपुर पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया है। आंदोलनकारियों का कहना है कि यदि राजधानी पहुंचने पर भी सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो वे विधानसभा के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगे।
पूर्व में भी कर्मचारियों ने की थी यात्रा
गौरतलब है कि इससे पहले 1 मई को भी कर्मचारियों ने जगदलपुर से रायपुर तक पदयात्रा शुरू की थी, लेकिन तब अधिकारियों के आश्वासन के बाद आंदोलन को बनियागांव में रोक दिया गया था। लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद भी मांगों पर कोई ठोस निर्णय न होने से कर्मचारियों ने एक बार फिर पदयात्रा प्रारंभ की है।
अस्थायी कर्मचारियों का दर्द छलका
चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष आत्मानंद मौर्य ने बताया कि वर्ष 2014 और 2018 में बड़ी संख्या में कर्मचारियों की भर्ती हुई थी, लेकिन आज भी अधिकतर कर्मचारी अस्थायी हैं। कुछ को नियमित वेतनमान मिल गया है, लेकिन अधिकांश अब भी वंचित हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार “समान कार्य के लिए समान वेतन” जैसे सिद्धांतों को लागू करने में विफल रही है। कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से सेवा दे रहे हैं, लेकिन उन्हें स्थायित्व और सामाजिक सुरक्षा से वंचित रखा गया है।
सरकार को चेतावनी
संघ ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि रायपुर पहुंचने के बाद भी सरकार ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो विधानसभा के सामने शांतिपूर्ण लेकिन अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से शीघ्र हस्तक्षेप कर मांगों पर निर्णय लेने की अपील की है।
यह भी पढ़े : CG News : संविधान हत्या दिवस पर भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

Author: Safeek khan
I create real art through my articles..