CG News : अंबिकापुर एयरपोर्ट से अब सिर्फ हफ्ते में तीन दिन उड़ान
CG News : अंबिकापुर के महामाया एयरपोर्ट, दरिमा से अब हफ्ते में केवल तीन दिन ही फ्लाइट का संचालन किया जाएगा। हवाई सेवा संचालित करने वाली कंपनी फ्लाई बिग ने लगभग दो महीने पहले सप्ताह में पांच दिन उड़ानों का शेड्यूल जारी किया था, लेकिन अब इसे घटाकर गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार कर दिया गया है। यह नया शेड्यूल 19 मई 2025 से लागू कर दिया गया है।
तकनीकी खराबी बनी मुसीबत
फ्लाई बिग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह निर्णय विमान में आई तकनीकी खराबी के चलते लिया गया है। शुरूआती दिनों में हवाई सेवा सप्ताह में केवल तीन दिन उपलब्ध थी, जिसे बाद में बढ़ाकर पांच दिन किया गया था। उस समय रविवार और सोमवार को छोड़कर अन्य पांच दिन उड़ानें चलाई जा रही थीं।
यात्रियों की कमी
अब एक बार फिर सेवाएं सीमित कर दी गई हैं। सबसे बड़ी समस्या अंबिकापुर-बिलासपुर और बिलासपुर-अंबिकापुर रूट पर है, जहां यात्रियों की संख्या बहुत कम है। फ्लाई बिग ने इस रूट का किराया ₹999 बेस फेयर रखा है, इसके बावजूद अधिकतर उड़ानें खाली जा रही हैं।
छत्तीसगढ़ में मौसम ने दिखाया नया रूप, मई में बादल और बारिश ने तोड़ी गर्मी की परंपरा
दूसरी ओर, अंबिकापुर-रायपुर रूट पर पहले किराया ₹3999 से ₹4999 कर दिया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद इसे घटाकर ₹1499 कर दिया गया। इस परिवर्तन के बाद इस रूट पर यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है।
रूट ठप पड़ने की कगार पर
फ्लाई बिग की सेवाओं को लेकर अब अनिश्चितता बनी हुई है। कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि सप्ताह में तीन दिन की यह सेवा कितने समय तक जारी रहेगी। यात्रियों में इस कटौती को लेकर नाराजगी है और क्षेत्र में निराशा का माहौल है।
यह भी पढ़े : CG News : छत्तीसगढ़ में 10 करोड़ के इनामी नक्सली बसवा राजू का खात्मा, DRG जवानों ने मनाया जश्न
