CG News : छत्तीसगढ़ में 10 करोड़ के इनामी नक्सली बसवा राजू का खात्मा, DRG जवानों ने मनाया जश्न
CG News : छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ जंगलों में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों ने देश के सबसे वांछित नक्सली बसवा राजू को मुठभेड़ में मार गिराया। बसवा राजू पर सरकार ने 10 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था। यह ऑपरेशन 19 से 21 मई तक चला, जिसमें कुल 27 नक्सली मारे गए, जिनमें 25 लाख का इनामी जंगू नवीन उर्फ मधु भी शामिल है।
जवानों ने मनाया जीत का जश्न
ऑपरेशन की सफलता के बाद जवानों ने जंगल में ही नाच-गाकर और गुलाल लगाकर जश्न मनाया। नारायणपुर शहर में भी आतिशबाजी की गई। जब जवान अपने बेस कैंप लौटे, तो परिजनों ने आरती उतारकर उनका स्वागत किया।
नक्सल संगठन का मास्टरमाइंड था बसवा राजू
बसवा राजू, जिसे कई नामों से जाना जाता था – नम्बाला केशव राव, गगन्ना, प्रकाश, वासवराज, आदि – नक्सल संगठन का महासचिव और पोलित ब्यूरो मेंबर था। वह आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले का निवासी था और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका था।
6 राज्यों की पुलिस को थी तलाश
छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और महाराष्ट्र – इन छह राज्यों में बसवा राजू पर अलग-अलग नामों से केस दर्ज थे। वह लंबे समय तक झारखंड के बूढ़ा पहाड़ में भी सक्रिय रहा।
एनकाउंटर में बरामद हुआ भारी हथियार जखीरा
मुठभेड़ के बाद जवानों ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया, जिसमें शामिल हैं:
- 3 AK-47
- 4 SLR
- 6 INSAS
- 1 कार्बाइन
- 1 रॉकेट लॉन्चर
- 2 बारा बोर बंदूक
- 1 BGL लॉन्चर
- अन्य विस्फोटक सामग्री
तीन दिन चला बड़ा ऑपरेशन
19 मई को चार जिलों – दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बीजापुर और कोंडागांव – के DRG जवानों को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था। 21 मई को सुबह 11 बजे मुठभेड़ में बसवा राजू मारा गया। शाम तक पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी।
इस ऑपरेशन को छत्तीसगढ़ पुलिस और DRG के लिए एक ऐतिहासिक सफलता माना जा रहा है। यह न केवल नक्सल नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका है, बल्कि क्षेत्र में शांति बहाल करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि भी है।
यह भी पढ़े : CG News : बिलासपुर में कार पर सवार होकर स्टंटबाजी, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
