CG News: सीएम साय ने जशपुर में कई योजनाओं की सौगात दी, सड़क से लेकर ‘ड्रोन दीदी’ तक बड़े ऐलान
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर के रणजीता स्टेडियम में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया। इस दौरान सड़क, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, पशुपालन और विज्ञान शिक्षा से जुड़ी कई घोषणाएं की गईं।
774 सड़कों का बड़ा नेटवर्क तैयार
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-4) के तहत प्रदेश में 774 सड़कों का निर्माण और उन्नयन किया जाएगा। इनकी कुल लंबाई 2426 किलोमीटर से अधिक होगी, जिस पर 2200 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होंगे। इससे 781 बस्तियों को सालभर सड़क सुविधा मिल सकेगी, जशपुर जिले में ही 77 सड़कों का निर्माण होगा, जो ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।
![]()
‘मोर गांव, मोर पानी’ अभियान की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए “मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया” अभियान की शुरुआत की। इसके तहत 500 नए तालाब बनाए जाएंगे, जिससे जल संचयन और सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी, मनरेगा के तहत पहले ही 13 हजार से ज्यादा डबरी बनाई जा चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों की आय बढ़ाने में मदद मिल रही है।
‘सियान गुड़ी’ से बुजुर्गों को सहारा
जशपुर में बुजुर्गों के लिए ‘सियान गुड़ी’ डे-केयर सेंटर की शुरुआत की गई। यहां वरिष्ठ नागरिकों को योग, स्वास्थ्य जांच, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों की सुविधाएं मिलेंगी, यह केंद्र बुजुर्गों के लिए सम्मानजनक और सक्रिय जीवन का नया मंच बनेगा।
‘ड्रोन दीदी’ योजना से महिलाएं होंगी सशक्त
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को “ड्रोन दीदी” योजना के तहत ड्रोन और सॉयल टेस्टिंग मशीनें वितरित की गईं। इससे महिलाएं आधुनिक खेती तकनीकों से जुड़ेंगी और उनकी आय में वृद्धि होगी, मुख्यमंत्री ने पशु सखियों के लिए बकरी और मुर्गी पालन से जुड़ी प्रशिक्षण मार्गदर्शिका जारी की। इससे गांव स्तर पर पशुपालकों को बेहतर तकनीकी सहायता मिल सकेगी।
‘स्पेस ऑन व्हील्स’ से बढ़ेगी वैज्ञानिक सोच
कार्यक्रम में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की “स्पेस ऑन व्हील्स” प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। इस मोबाइल प्रदर्शनी के जरिए हजारों छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी जानकारी दी जा रही है, बच्चों ने चंद्रयान, मंगलयान और रॉकेट मॉडल्स के बारे में जानकारी देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समग्र विकास की दिशा में कदम
इन सभी योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क, पानी, रोजगार और तकनीक से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। सरकार का फोकस अब गांवों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने पर है।

