CG News : छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन राहत: गरज-चमक और हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी
CG News : छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ली है। आने वाले 5 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग रायपुर द्वारा रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इससे मौसम सुहावना रहेगा और गर्मी से राहत मिलेगी।
रायपुर सबसे गर्म शहर
गुरुवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बस्तर के जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम था। 15 मई को रायपुर में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री और रात का तापमान 29.8 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने आज भी दिन का तापमान 41 डिग्री और रात में 20 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान जताया है। साथ ही बादल छाए रहने और हल्की बौछारें पड़ने की भी संभावना है।
बिलासपुर में भी तापमान 40 डिग्री पार कर गया है। यहां अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री और न्यूनतम 29.7 डिग्री दर्ज किया गया। मुंगेली में दिन का पारा 40.3 डिग्री, रायगढ़ में 40.5 डिग्री और गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही में 39.2 डिग्री रहा।
गरज-चमक के साथ हल्की बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस और टर्फ के प्रभाव से बस्तर संभाग के जिलों में अगले 5 दिनों तक आंधी और बारिश जैसी स्थितियां बनी रहेंगी। पिछले 24 घंटे में जगदलपुर में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रहा।
दुर्ग में भी गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। यहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दुर्ग संभाग में भी अगले कुछ दिन गर्मी से राहत मिल सकती है।
मौसम का मिजाज बदला
मौसम विज्ञानी गायत्री वाणी कंटिभोटला ने बताया कि बस्तर संभाग में बिजली गिरने और गरज-चमक की स्थिति अगले 4 से 5 दिनों तक बनी रहेगी। वहीं, मध्य छत्तीसगढ़ में ऐसी स्थितियां थोड़ी कम रहेंगी, लेकिन अगले 2 दिन यहां भी बिजली गिरने और गरज-चमक की घटनाओं में बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें। विशेषकर खुले स्थानों से दूर रहें, मोबाइल और धातु की चीजों का उपयोग न करें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसान भी मौसम के अनुसार कृषि कार्य की योजना बनाएं।
यह भी पढ़े : CG News : मां मनी आयरन एंड स्टील में ब्लास्ट फर्नेस हादसा: चार श्रमिक झुलसे, दो की हालत गंभीर
