CG News: वाटरशेड योजना बनी किसान छबी लाल की समृद्धि का आधार, सब्जी उत्पादन से बढ़ी आय और जीवन स्तर में सुधार
CG News: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत संचालित वाटरशेड विकास परियोजनाएं किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही हैं। यह योजना वर्षा जल संरक्षण और भूमि की उत्पादकता बढ़ाकर छोटे और सीमांत किसानों के लिए समृद्धि का मार्ग बन रही है।

किसान छबी लाल की प्रेरक सफलता
धमतरी जिले के बेलौदी गांव (विकासखंड मगरलोड) के किसान छबी लाल इस योजना की सफलता का जीवंत उदाहरण हैं। पहले वे सीमित संसाधनों और वर्षा आधारित खेती पर निर्भर थे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर रहती थी।
पारंपरिक से आधुनिक खेती की ओर बदलाव
वाटरशेड योजना के अंतर्गत मिले तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग से उन्होंने अपनी लगभग 1.5 एकड़ भूमि में उन्नत सब्जी उत्पादन शुरू किया। आज वे बरबट्टी, भिंडी, करेला, बैंगन और गिल्की जैसी सब्जियों की सफल खेती कर रहे हैं।
जल संरक्षण से बढ़ी उत्पादकता
जल संरक्षण, नमी संरक्षण और बहुफसली प्रणाली अपनाने से खेत की उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे किसानों को लगातार और स्थिर आय प्राप्त हो रही है, योजना के तहत मिली प्रोत्साहन राशि और तकनीकी सहयोग से छबी लाल की आय में वृद्धि हुई है। वे अब स्थानीय बाजारों में नियमित रूप से ताजी सब्जियों की आपूर्ति कर रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
जीवन स्तर में बड़ा बदलाव
इस योजना ने न केवल उनकी आय बढ़ाई, बल्कि उनके आत्मविश्वास और जीवन स्तर में भी व्यापक सुधार किया है। अब वे अपने परिवार की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रहे हैं, हाल ही में धमतरी प्रवास के दौरान ग्रामीण विकास मंत्रालय (भूमि संसाधन विभाग) के सचिव नरेन्द्र भूषण ने स्वयं उनके खेत का निरीक्षण किया और वाटरशेड योजना की सफलता की सराहना की।




