CG News: छत्तीसगढ़ में सिंचाई परियोजनाओं पर बड़ा फैसला, मुख्य सचिव ने दिए तेज़ी से काम पूरा करने के निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ में सिंचाई परियोजनाओं के कार्यों को गति देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित छत्तीसगढ़ सिंचाई परियोजना मंडल की कार्यकारिणी समिति की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं में तेजी लाई जाए।
कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
मुख्य सचिव ने कहा कि भू-अर्जन और वन विभाग से संबंधित क्लीयरेंस की प्रक्रिया को तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि किसानों को जल्द सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके।
प्रमुख सिंचाई परियोजनाएं
पैरी-कोडार लिंक नहर परियोजना (गरियाबंद)
इस परियोजना के तहत सिकासार जलाशय से कोडार जलाशय तक पाइपलाइन लिंक नहर बनाई जाएगी। इससे गरियाबंद और महासमुंद जिले के लगभग 25 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, साथ ही पेयजल और औद्योगिक उपयोग को भी लाभ मिलेगा।
मोहमेला-सिरपुर बैराज (रायपुर)
आरंग विकासखंड में महानदी पर प्रस्तावित इस बैराज से 1800 हेक्टेयर क्षेत्र में उद्वहन सिंचाई होगी। यह क्षेत्र पर्यटन और स्थानीय आवागमन को भी बढ़ावा देगा।
मटनार बहुउद्देशीय परियोजना (बस्तर)
इंद्रावती नदी पर प्रस्तावित यह परियोजना बस्तर के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें उद्वहन प्रणाली के कारण किसी प्रकार का विस्थापन या पुनर्वास नहीं होगा, जिससे पर्यावरण संतुलन बना रहेगा।
देउरगांव उद्वहन बैराज (बस्तर)
जगदलपुर के पास बनने वाली यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएगी।
बैठक में हुई समीक्षा
बैठक में विभिन्न परियोजनाओं के निविदा प्रारूपों पर भी चर्चा की गई और उन्हें अनुमोदित किया गया। मुख्य सचिव ने तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।



