CG News: छत्तीसगढ़ की पंचायतों में 07 मई को विकास का महाअभियान, एक साथ मनेंगे चावल महोत्सव, रोजगार और आवास दिवस
CG News: छत्तीसगढ़ की ग्राम पंचायतों में 07 मई को विकास और जनसेवा का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के तहत राज्यभर की पंचायतों में एक साथ चावल महोत्सव, रोजगार दिवस और आवास दिवस मनाया जाएगा, सरकार की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण विकास योजनाओं को तेज गति देना और लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है।
ग्रामीण हितग्राहियों पर रहेगा फोकस
इस विशेष अभियान का केंद्र गांवों के हितग्राही होंगे, मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से जुड़ी लंबित शिकायतों और तकनीकी समस्याओं का पंचायत स्तर पर ही निराकरण किया जाएगा। साथ ही पात्र लोगों को शासन की जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी।
रोजगार दिवस पर बनेगी नई कार्ययोजना
07 मई को रोजगार दिवस के अवसर पर मनरेगा कार्यों की गहन समीक्षा की जाएगी, इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर तैयार करने के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी, ताकि लोगों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध हो सके।
90 दिनों में पूरे होंगे लंबित आवास
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी, सरकार का लक्ष्य है कि स्वीकृत आवासों का निर्माण आगामी 90 दिनों के भीतर पूरा कराया जाए, जिससे जरूरतमंद परिवारों को जल्द पक्का घर मिल सके।
अभियान को भी मिलेगा बढ़ावा
जल संरक्षण को लेकर भी पंचायतों में विशेष गतिविधियां आयोजित होंगी, “मोर गांव-मोर पानी-मोर तरिया” अभियान के अंतर्गत “नवा तरिया आय के जरिया” थीम पर चर्चा और कार्य किए जाएंगे, ताकि जल संरक्षण के साथ-साथ मत्स्य पालन और अन्य माध्यमों से ग्रामीणों की आय बढ़ाई जा सके।
योजनाओं की जानकारी
सरकार अब योजनाओं में पारदर्शिता और सुगमता बढ़ाने के लिए QR कोड आधारित सूचना प्रणाली को भी बढ़ावा दे रही है, इसके जरिए लोग आसानी से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
जनभागीदारी से मजबूत होगा गांव
इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है, छत्तीसगढ़ सरकार का मानना है कि यह आयोजन गांवों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।




