CG News: छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, महिलाओं के नाम जमीन रजिस्ट्री पर शुल्क में 50% राहत
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महिलाओं के नाम पर होने वाली जमीन रजिस्ट्री पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया है।

अब कम लगेगा रजिस्ट्रेशन शुल्क
अधिसूचना के अनुसार, पहले जहां अचल संपत्ति के पंजीयन पर 4 प्रतिशत शुल्क लिया जाता था, अब महिलाओं के नाम पर रजिस्ट्री होने पर यह घटकर 2 प्रतिशत रह जाएगा, यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और पंजीयन मंत्री ओ. पी. चौधरी की पहल पर लिया गया है। मंत्रिपरिषद की मंजूरी के बाद यह अधिसूचना जारी कर लागू कर दी गई है।
महिलाओं को मिलेगा लाभ
सरकार का मानना है कि इस कदम से महिलाओं के नाम पर संपत्ति पंजीयन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगी, आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में ही महिलाओं के नाम पर 82,755 दस्तावेजों का पंजीयन हुआ है। अब इस छूट के बाद इसमें और बढ़ोतरी की उम्मीद है।
राजस्व पर असर लेकिन बड़ा उद्देश्य
इस फैसले से राज्य को लगभग 200 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान है, लेकिन सरकार का कहना है कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए यह कदम बेहद महत्वपूर्ण है, छत्तीसगढ़ सरकार का यह निर्णय महिलाओं को संपत्ति अधिकारों में आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है, जिससे समाज में उनकी आर्थिक भागीदारी और मजबूत होगी।



