CG News: सुशासन तिहार में CM साय का तोहफा, पीएम जनमन हितग्राही को सौंपा नया घर
CG News: छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम सरोधी में पीएम जनमन योजना के हितग्राही को नया घर सौंपकर गृह प्रवेश कराया।

हितग्राही को सौंपी ‘खुशियों की चाबी’
मुख्यमंत्री ने सुभान सिंह मेरावी को उनके नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी। इस दौरान पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला, सुभान सिंह ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि मुख्यमंत्री खुद उनके गांव आकर उन्हें घर की चाबी सौंपेंगे। उनके लिए यह घर सिर्फ आशियाना नहीं, बल्कि सम्मान और विश्वास का प्रतीक है।
खेती से चला रहे परिवार
सुभान सिंह ने बताया कि उन्हें वन अधिकार पट्टा के तहत 3 एकड़ 2 डिसमिल जमीन मिली है, जिस पर खेती कर वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं, उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के तहत आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।
CM ने दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


