CG News: प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से चमकी किस्मत, प्रकाश धीवर की 20 लाख सालाना कमाई
CG News: रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा विकासखंड के ग्राम बेलदार सिवनी के निवासी प्रकाश धीवर आज मछली पालन के जरिए आत्मनिर्भर बन चुके हैं। उनका यह व्यवसाय अब उनकी मुख्य आजीविका का मजबूत आधार बन गया है।
रोजगार की तलाश से शुरुआत
12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रकाश धीवर रोजगार की तलाश में मछली पालन विभाग से जुड़े। यहां से मिली जानकारी के आधार पर उन्होंने ग्राम पंचायत के तालाबों को पट्टे पर लेकर मछली पालन शुरू किया, उन्होंने “जय महामाया मछुआ सहकारी समिति” का गठन किया और पंचायत के तालाबों को 10 साल के लिए पट्टे पर लिया। इसके साथ ही निजी तालाबों को लीज पर लेकर अपने व्यवसाय का विस्तार किया।
25 टन तक सालाना उत्पादन
वर्तमान में उनकी समिति के पास 5 तालाब (करीब 8.8 हेक्टेयर) हैं, जिनसे हर साल 22 से 25 टन मछली का उत्पादन हो रहा है। इससे उनकी आय में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत उन्हें 40% अनुदान पर चार पहिया वाहन मिला। इसकी मदद से वे रायपुर, खरोरा, तिल्दा और बलौदा बाजार जैसे बड़े बाजारों में जीवित मछली बेचकर बेहतर मुनाफा कमा रहे हैं।
15 से 20 लाख सालाना कमाई
आज विभिन्न स्रोतों से प्रकाश धीवर की सालाना आय 15 से 20 लाख रुपये तक पहुंच गई है। मछली पालन के लिए वे किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के जरिए 3 लाख रुपये तक का ऋण लेकर जरूरी संसाधन जुटाते हैं, प्रकाश धीवर न केवल खुद आत्मनिर्भर बने हैं, बल्कि अपनी समिति के माध्यम से 15 से 20 लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं। उनकी सफलता ग्रामीण युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन चुकी है।
मेहनत और योजनाओं का सही उपयोग
प्रकाश धीवर की कहानी यह साबित करती है कि यदि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग किया जाए और मेहनत के साथ काम किया जाए, तो गांव में रहकर भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।



