CG News: ग्रामीण छत्तीसगढ़ को Climate Ready बनाने की तैयारी, मुख्य सचिव ने मांगी पंचायतवार कार्ययोजना
CG News: छत्तीसगढ़ में जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए अब जमीनी स्तर पर काम तेज किया जाएगा। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में स्टियरिंग समिति की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों को Climate Ready बनाने पर जोर दिया गया।
हर पंचायत के लिए बनेगी कार्ययोजना
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि राज्य के सभी ग्रामीण क्षेत्रों को जलवायु परिवर्तन के अनुकूल बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही, CSR फंड का उपयोग जलवायु कार्यक्रमों में करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

छत्तीसगढ़ बना देश में नंबर-1
बैठक में राज्य में कार्बन क्रेडिट आधारित योजनाओं को लागू करने, जलवायु परिवर्तन प्राधिकरण के गठन और विभिन्न विभागों के समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई, अधिकारियों ने बताया कि ISFR 2025 रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ में वन और वृक्ष-आवरण में 683 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है।
किसानों को बड़ी भूमिका
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत करीब 7 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। वहीं किसान वृक्ष मित्र योजना के तहत 3.68 करोड़ वृक्षारोपण किया गया है, राज्य में जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं:
• 55 हजार हेक्टेयर में जैविक खेती
• किसानों को सोलर पंप वितरण
• ई-वाहनों को बढ़ावा
• 300 से ज्यादा बांधों की हाइड्रोलॉजिकल प्लानिंग
जलाशयों का सर्वे और नई पहल
राज्य के 24 बड़े और मध्यम जलाशयों का सेडिमेंटेशन सर्वे पूरा किया जा चुका है। साथ ही जलवायु परिवर्तन ज्ञान केंद्र स्थापित करने पर भी विचार किया जा रहा है, बैठक में कृषि, वन, ऊर्जा, परिवहन, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और पंचायत विभाग समेत कई विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी साझा की।
विशेषज्ञ संस्थानों की भी मौजूदगी
वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए आयोजित इस बैठक में NABARD, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, सेंटर फॉर एनवायरमेंट एजुकेशन और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ भी शामिल हुए।




