CG News: मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में जनजातीय सलाहकार परिषद की अहम बैठक 29 अप्रैल को
CG News: छत्तीसगढ़ में जनजातीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए 29 अप्रैल को जनजातीय सलाहकार परिषद की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय (महानदी भवन), नवा रायपुर अटल नगर में दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगी।
वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी रहेंगे मौजूद
इस बैठक में आदिम जाति विकास मंत्री एवं परिषद के उपाध्यक्ष श्री रामविचार नेताम सहित राज्य के वरिष्ठ मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और परिषद के सभी सदस्य शामिल होंगे।

कई अहम विषयों पर होगी चर्चा
बैठक में 11 मार्च 2025 को हुई पिछली बैठक के निर्णयों के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा अपनी योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा, जिनमें शामिल हैं:
• कृषि एवं किसान कल्याण विभाग
• स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग
• महिला एवं बाल विकास विभाग
• लोक निर्माण विभाग
जनजातीय संस्थानों से जुड़े मुद्दे भी एजेंडे में
बैठक में आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान से जुड़े कई अहम विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। इसमें रिक्त पदों की भर्ती, उच्च स्तरीय प्रमाणीकरण समिति के लिए पद स्थापना और संग्रहालय में जनजातीय धार्मिक स्थलों के निर्माण व प्रदर्शन जैसे मुद्दे शामिल हैं।
राज्यपाल प्रतिवेदन पर भी होगी चर्चा
इसके अलावा अनुसूचित क्षेत्रों के प्रशासन से जुड़े राज्यपाल प्रतिवेदन वर्ष 2024-25 के अनुमोदन सहित अन्य महत्वपूर्ण जनजातीय विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
