CG News: जशपुर में डेयरी योजना से महिलाओं का सशक्तिकरण, 80 लाख से ज्यादा की आय सीधे खातों में
CG News: राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की डेयरी समग्र योजना छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार बन रही है। इस योजना से सैकड़ों महिलाएं जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।
447 महिलाओं को सीधा लाभ
जिले के 24 गांवों की 447 महिला डेयरी उत्पादक इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। इनमें से 114 आदिवासी महिलाएं पंजीकृत होकर संगठित रूप से कार्य कर रही हैं, जिससे ग्रामीण स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
उन्नत नस्ल की गायों का वितरण
योजना के तहत 27 आदिवासी महिला हितग्राहियों को उन्नत साहिवाल नस्ल की दुधारू गायें दी गई हैं। यह नस्ल अधिक दूध उत्पादन और मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए जानी जाती है।
हर दिन 1000 लीटर से ज्यादा दूध उत्पादन
वर्तमान में 197 सक्रिय महिलाएं प्रतिदिन दूध संग्रहण कर रही हैं। जिले में रोजाना औसतन 1,075 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है, जिससे स्थानीय डेयरी व्यवसाय को नई गति मिली है, डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से 374 महिलाओं के खातों में अब तक 80,54,467 रुपये की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। इससे पारदर्शिता और भरोसा दोनों बढ़े हैं।
आत्मनिर्भर बन रही ग्रामीण महिलाएं
यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन के लिए प्रेरित कर रही है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है, जशपुर में डेयरी योजना महिलाओं के लिए बदलाव की नई कहानी लिख रही है। आने वाले समय में यदि इस पहल का विस्तार होता है, तो यह जिला दुग्ध उत्पादन और महिला सशक्तिकरण का बड़ा मॉडल बन सकता है।
