CG News: स्व-सहायता समूह से बदली जिंदगी, सम्पत्ति प्रजापति बनीं “लखपति दीदी”
CG News: मुंगेली जिले के लोरमी जनपद के खपरीकला गांव की रहने वाली श्रीमती सम्पत्ति प्रजापति ने सीमित संसाधनों के बावजूद आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। आज वे “लखपति दीदी” के रूप में जानी जाती हैं।

पहले थी आर्थिक तंगी
समूह से जुड़ने से पहले उनके परिवार की आय का मुख्य साधन एक छोटा होटल था, जिससे मुश्किल से घर का खर्च चल पाता था। परिवार की जरूरतें पूरी करना भी चुनौती बना हुआ था, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत “जय शनिदेव महिला स्व-सहायता समूह” से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया। उन्हें रिवॉल्विंग फंड, कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड और बैंक लोन की सुविधा मिली।
शुरू किए नए काम
मिली आर्थिक मदद का सही उपयोग करते हुए उन्होंने अपने होटल व्यवसाय का विस्तार किया। इसके साथ ही सुहाग भंडार और किओस्क बैंकिंग जैसी नई गतिविधियां भी शुरू कीं, पहले जहां उनकी मासिक आय लगभग 10 हजार रुपये थी, अब बढ़कर 25 हजार रुपये तक पहुंच गई है। सालाना आय करीब 3 लाख रुपये हो गई है, वहीं खेती से अतिरिक्त 1 लाख रुपये की आमदनी भी हो रही है।
परिवार और जीवन में आया बदलाव
आर्थिक मजबूती के साथ उनके परिवार का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं में भी सुधार हुआ है। अब वे सम्मानजनक जीवन जी रही हैं, सम्पत्ति दीदी अब अपने गांव की अन्य महिलाओं को भी स्व-सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनकी सफलता कई महिलाओं के लिए नई उम्मीद बन गई है।
