CG News: मंत्रालय के कर्मचारियों को राहत, नवा रायपुर के लिए 30 अप्रैल 2027 तक जारी रहेगी बस सेवा
CG News: छत्तीसगढ़ में मंत्रालय और विभागाध्यक्ष कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों को रायपुर से नवा रायपुर आने-जाने के लिए बस सुविधा अगले छह महीने तक मिलती रहेगी. सामान्य प्रशासन विभाग ने बस सेवा की अवधि 1 नवंबर 2026 से बढ़ाकर 30 अप्रैल 2027 तक करने का आदेश जारी किया है. इस व्यवस्था से कर्मचारियों को नई परिवहन सेवा शुरू होने तक आवागमन में सुविधा मिलेगी.
![]()
प्रति बस पास की मासिक दर 3066 रुपये तय
शासन ने बस सुविधा के लिए प्रति बस पास की मासिक दर 3066 रुपये निर्धारित की है. यह व्यवस्था छह महीने की अवधि पूरी होने तक या नई परिवहन व्यवस्था शुरू होने तक लागू रहेगी. इन दोनों में से जो स्थिति पहले आएगी, उसी के अनुसार बस सेवा की मौजूदा व्यवस्था समाप्त हो जाएगी.
NRDA को अनुबंध बढ़ाने की अनुमति
नगर निगम रायपुर और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) के प्रस्ताव और अनुशंसा के बाद शासन ने बस संचालन की अवधि बढ़ाने की मंजूरी दी है. NRDA को मौजूदा बस संचालन अनुबंध आगे बढ़ाने की अनुमति दी गई है. यह व्यवस्था निविदा प्रक्रिया पूरी होने और नई परिवहन सेवा शुरू होने तक या अधिकतम छह महीने तक लागू रहेगी.

खराब बसों की जगह उपलब्ध करानी होंगी दूसरी बसें
सामान्य प्रशासन विभाग ने बस संचालन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जरूरी निर्देश भी दिए हैं. सभी बसों का नियमित निरीक्षण और चेकअप कराना होगा. किसी बस के खराब होने पर तत्काल दूसरी बस उपलब्ध करानी होगी. इसके अलावा चालकों और परिचालकों का नियमित मेडिकल चेकअप कराने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ अच्छा व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. बसों का संचालन निर्धारित समय-सारणी और यातायात नियमों के अनुसार करना होगा.
सत्यापित बिल के आधार पर होगा भुगतान
बस संचालन के भुगतान की प्रक्रिया भी निर्धारित की गई है. इसके तहत सत्यापित देयकों के आधार पर भुगतान किया जाएगा. इसके लिए नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मांग पत्र प्रस्तुत करना होगा. इसके बाद नियमानुसार भुगतान की कार्रवाई की जाएगी. नई परिवहन व्यवस्था शुरू होने तक यह अस्थायी व्यवस्था मंत्रालय और विभागाध्यक्ष कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के आवागमन को जारी रखने में मदद करेगी.

One Response