MP-CG News: स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर MP के 9 और CG के 3 शहरों को मिलेगा राष्ट्रपति पुरस्कार
MP-CG News: मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के लिए स्वच्छता के क्षेत्र में आज का दिन खास रहने वाला है. देशभर के स्वच्छ शहरों और नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा. इस बार मध्यप्रदेश के 9 शहरों को पुरस्कार के लिए चुना गया है, जबकि छत्तीसगढ़ के भी तीन शहर राष्ट्रीय सम्मान हासिल करेंगे. नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेता शहरों को सम्मानित करेंगी.

मध्यप्रदेश के इन 9 शहरों को मिलेगा सम्मान
स्वच्छता के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए मध्यप्रदेश के बुधनी, देपालपुर, देवास, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सागर और उज्जैन का चयन किया गया है. इन शहरों को स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए प्रयासों और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा. केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से विजेता शहरों की सूची जारी की गई है. समारोह में मध्यप्रदेश की ओर से नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त करेंगे.
छत्तीसगढ़ के तीन शहरों ने भी बनाई जगह
स्वच्छता के राष्ट्रीय पुरस्कारों में छत्तीसगढ़ ने भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है. प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना गया है. इन शहरों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सफाई अभियान को प्रभावी बनाने में जुटे कर्मचारियों के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी. समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी शामिल होंगे. इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और तोखन साहू की मौजूदगी भी रहेगी.

भोपाल को नहीं मिला पुरस्कार
इस बार मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के लिए निराशाजनक खबर सामने आई है. पिछले सात वर्षों से स्वच्छता सर्वेक्षण के पुरस्कारों में जगह बनाने वाला भोपाल इस बार किसी भी श्रेणी में सम्मानित नहीं होगा. इसकी प्रमुख वजह आदमपुर खंती में जमा पुराने कचरे यानी लिगेसी वेस्ट का पूरी तरह न हट पाना बताया गया है. नई गाइडलाइन के अनुसार जिन शहरों में लिगेसी वेस्ट का निपटान पूरा नहीं हुआ है, उन्हें पुरस्कार की सूची से बाहर रखा गया है.
लिगेसी वेस्ट बना भोपाल की रैंकिंग में बाधा
भोपाल में आदमपुर खंती पर जमा पुराने कचरे का निस्तारण लंबे समय से चुनौती बना हुआ है. स्वच्छता सर्वेक्षण की नई शर्तों के तहत इस तरह के कचरे का पूरी तरह निपटान जरूरी किया गया है. इसी मानक पर खरा नहीं उतरने के कारण राजधानी इस बार राष्ट्रीय पुरस्कारों की दौड़ से बाहर हो गई. सात साल से लगातार सम्मान हासिल करने वाले शहर के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है, भोपाल का नाम पुरस्कार विजेता शहरों की सूची में शामिल नहीं होने पर महापौर मालती राय ने खेद जताया है. वहीं, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों के चयन ने नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है. अब इस सम्मान समारोह के जरिए दोनों राज्यों के शहरों की उपलब्धियों के साथ भोपाल के बाहर होने का मुद्दा भी चर्चा में रहेगा.

