छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026: 2 नवंबर को नवा रायपुर में होगा सारंग टीम का एयर शो, CM साय ने पायलटों से की मुलाकात
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भव्य एयर शो प्रस्तुत करेगी. इस दौरान पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर आसमान में रोमांचक करतब दिखाएंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस आयोजन को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की है. बुधवार को रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में उन्होंने सारंग टीम के सदस्यों से मुलाकात कर उनका स्वागत किया.

मुख्यमंत्री साय ने सारंग टीम का किया स्वागत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के दौरान सारंग टीम के सदस्यों ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया. मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस के समारोह में टीम की भागीदारी को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया. उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना अपने साहस, अनुशासन, समर्पण और पेशेवर दक्षता के लिए जानी जाती है. सारंग टीम का प्रदर्शन इन विशेषताओं को प्रदर्शित करने का अवसर देगा, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 2 नवंबर को सुबह 11 बजे से नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में हवाई प्रदर्शन होगा. इसमें पांच हेलीकॉप्टर समन्वित उड़ान, आकर्षक हवाई संरचनाओं और कठिन करतबों का प्रदर्शन करेंगे. सारंग टीम अपने पायलटों के सटीक तालमेल और सामूहिक उड़ान के लिए पहचानी जाती है. राज्योत्सव में यह एयर शो प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा.

टीम में दो महिला पायलट भी शामिल
सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे. टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया सहित दो महिला पायलट भी शामिल हैं. मुख्यमंत्री साय ने रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी को प्रेरणादायी बताया. उन्होंने कहा कि महिला पायलटों की उपलब्धियां प्रदेश की बेटियों को बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित कर सकती हैं.
युवाओं को अनुशासन और राष्ट्रसेवा की मिलेगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सारंग टीम का प्रदर्शन युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी होगा. उनके मुताबिक, पायलटों का साहस, सटीकता और आपसी समन्वय कठिन प्रशिक्षण तथा टीम भावना का उदाहरण है. ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने भी छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का हिस्सा बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और अपने सपनों पर विश्वास के साथ बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं.

One Response