CG Politics: छत्तीसगढ़ दौरे पर स्मृति ईरानी, जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का लिया जायजा
CG Politics: छत्तीसगढ़ में भाजपा के बड़े राजनीतिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी सिलसिले में भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आज छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचीं. सुबह करीब 9 बजे उन्होंने रायपुर एयरपोर्ट पर आगमन किया, जिसके बाद वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ पहुंचीं. यहां वे जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के लिए निर्धारित स्थल का निरीक्षण करेंगी और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगी.

निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा
धरमजयगढ़ पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी ने जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उनका फोकस आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए की जा रही तैयारियों पर रहा. पार्टी स्तर पर वरिष्ठ नेताओं और संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की जाएगी. भाजपा संगठन इस कार्यक्रम को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी में जुटा है.
15 नवंबर को धरमजयगढ़ में होगा जनजातीय गौरव दिवस
भाजपा की ओर से 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस आयोजन में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है. जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर संगठन विशेष तैयारियां कर रहा है, इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी राजनीतिक चर्चा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे को लेकर है. राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ प्रवास होगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आमंत्रण पर वे प्रदेश पहुंचेंगे और धरमजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. उनके दौरे को भाजपा संगठन के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है.
_20261020_212117.jpg)
स्मृति ईरानी और सीएम साय भी होंगे कार्यक्रम में शामिल
जनजातीय गौरव दिवस के इस आयोजन में भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी भी रहेगी. इसके अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है. नितिन नवीन के पहले छत्तीसगढ़ दौरे को देखते हुए प्रदेश भाजपा संगठन तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता. यही वजह है कि कार्यक्रम से पहले वरिष्ठ स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है.
भाजपा संगठन के लिए क्यों अहम है यह दौरा?
नितिन नवीन का छत्तीसगढ़ दौरा केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. स्मृति ईरानी का धरमजयगढ़ पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेना इसी सक्रियता का हिस्सा है. अब सबकी नजर 15 नवंबर को होने वाले जनजातीय गौरव दिवस समारोह और राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहले प्रदेश प्रवास पर टिकी हुई है.

