CG News: रायपुर में यादव समाज महासम्मेलन, मुख्यमंत्री साय ने किया सामाजिक भवन का लोकार्पण
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरौदा में छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय यादव समाज महासम्मेलन का आयोजन किया गया. इस अवसर पर नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण भी किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि धरसीवां विधायक अनुज शर्मा भी मौजूद रहे.

सामाजिक भवन का हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई. इसके बाद समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर नए सामाजिक भवन का लोकार्पण किया.
मेधावी छात्र और समाज के प्रतिभाशाली लोगों का सम्मान
समारोह के दौरान समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं और वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में राउत नाचा सहित छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया.
युवाओं को आगे बढ़ने का संदेश
विधायक अनुज शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सामाजिक भवन समाज की एकता और प्रगति का प्रतीक है. उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, व्यवसाय, राजनीति और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़कर समाज, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया. उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास और समाज की जनहित से जुड़ी मांगों को पूरा करने के लिए वे लगातार प्रयास करते रहेंगे.
प्रदेशभर से जुटे समाज के लोग
महासम्मेलन में चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, झेरिया यादव समाज के प्रदेश पदाधिकारी, बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि, महिलाएं और युवा शामिल हुए. कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और समाज की एकजुटता का संदेश दिया गया.

