CG News: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को रायपुर आएंगे, एम्स दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
CG News: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे रायपुर स्थित एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रदेश के मुख्य सचिव विकासशील ने बुधवार को मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं तय प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी करने के निर्देश दिए.

एयरपोर्ट से एम्स तक सुरक्षा व्यवस्था
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को उपराष्ट्रपति के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार व्यवस्थाएं करने को कहा. एयरपोर्ट से एम्स तक आने-जाने के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और एंट्री-एग्जिट प्लान को बेहतर तरीके से तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस की पर्याप्त तैनाती के साथ पूरे रूट और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

रिसेप्शन और प्रोटोकॉल की तैयारी
रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन और एम्स में रिसेप्शन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है. उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश और विद्युत व्यवस्था के साथ चिकित्सा सुविधाएं भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और आकस्मिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध रहेगी.
दीक्षांत समारोह की खास तैयारियां
एम्स के दीक्षांत समारोह में बैठने की व्यवस्था भारत सरकार के प्रोटोकॉल और निर्धारित डायस प्लान के अनुसार की जाएगी. कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से होगी. एम्स प्रबंधन को समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं. सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है.
वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
बैठक में गृह-जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, कलेक्टर, रायपुर IG और एम्स के अधिकारियों सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां तय समय में पूरा करने और उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न होने देने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें : CG News: 186 कर्मचारियों की होगी दिव्यांगता जांच, रायपुर में बनेगा विशेष मेडिकल बोर्ड



