CG News: 186 कर्मचारियों की होगी दिव्यांगता जांच, रायपुर में बनेगा विशेष मेडिकल बोर्ड
CG News: छत्तीसगढ़ में दिव्यांगजनों से जुड़े कल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मंगलवार को महानदी भवन, मंत्रालय, अटल नगर में संयुक्त बैठक हुई. स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की मौजूदगी में दिव्यांगता प्रमाण-पत्र के आधार पर सरकारी सेवा में कार्यरत 186 लोगों से जुड़े मामलों की जांच को लेकर चर्चा की गई.

विशेष मेडिकल बोर्ड से होगी जांच
बैठक में तय किया गया कि संबंधित मामलों की जांच सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य मेडिकल बोर्ड या संभागीय मेडिकल बोर्ड के माध्यम से कराई जाएगी. स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के निर्देश दिए हैं. इसके लिए रायपुर में विशेष मेडिकल बोर्ड गठित करने की बात कही गई है, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद ली जाएगी.
ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगेंगे मेडिकल कैंप
बैठक में दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में दिव्यांगता परीक्षण के लिए विशेष मेडिकल बोर्ड और शिविर आयोजित करने पर भी चर्चा हुई. सरकार का उद्देश्य यह है कि दिव्यांगजनों को प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए दूर की यात्रा न करनी पड़े. साथ ही निर्धारित समय पर भौतिक जांच के लिए उपस्थित होने वाले लोगों के मामलों की भी समीक्षा की जाएगी.
UDID कार्ड की प्रक्रिया होगी आसान
दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और UDID कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने पर भी जोर दिया गया. मेडिकल बोर्ड में अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की योजना पर चर्चा हुई. पात्र दिव्यांगजनों को समय पर प्रमाण-पत्र और UDID कार्ड उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाएगा.
सरकार ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं और दिव्यांगजनों के हितों को लेकर गंभीर है. शिकायतों से जुड़े मामलों की विशेषज्ञों की मदद से निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और संबंधित प्रक्रिया को तय समय के भीतर पूरा करने का प्रयास होगा. बैठक में समाज कल्याण विभाग की ओर से भी जरूरी निर्देश जारी करने और मामलों की नियमित समीक्षा करने पर सहमति बनी.



