CG News: 1 जुलाई से लागू होगी वीबी-जी राम जी योजना, गांव-गांव में उत्साह और जागरूकता अभियान तेज
CG News: छत्तीसगढ़ में ग्रामीण रोजगार और आजीविका को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की जा रही वीबी-जी राम जी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना 1 जुलाई 2026 से लागू होगी। इसके पहले पूरे प्रदेश में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
ग्राम सभाओं और बैठकों से दी जा रही जानकारी
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों और जिला स्तर पर लगातार ग्राम सभाएं, प्रशिक्षण और बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इनमें ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों और लाभों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है ताकि वे अधिक से अधिक संख्या में इससे जुड़ सकें।

बेमेतरा में ग्रामीणों की अनूठी पहल
बेमेतरा जिले के जनपद पंचायत बेरला की ग्राम पंचायत सांकरा और देवरी में ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर योजना के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। ग्रामीणों ने तख्तियां लेकर “गांव की प्रगति हमारी जिम्मेदारी” और “समृद्ध गांव, सशक्त परिवार” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बेमेतरा की इस पहल की सराहना की है। उन्होंने इसे ग्रामीण जागरूकता और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया। वहीं केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने भी इस मानव श्रृंखला अभियान को जन-जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।
ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी
ग्रामीणों ने इस अवसर पर संकल्प लिया कि वे पात्र परिवारों तक योजना की जानकारी पहुंचाएंगे और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाने में सहयोग करेंगे। यह योजना ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक जनभागीदारी आधारित अभियान बनती जा रही है, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने 30 जून 2026 तक सभी स्तरों पर प्रशिक्षण पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसमें अधिकारी, जनप्रतिनिधि और हितग्राही शामिल हैं ताकि 1 जुलाई से योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
हर गांव तक पहुंचाई जा रही जानकारी
योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम सभाओं, चौपालों, पोस्टर, रथ प्रचार, मुनादी और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री की पहल
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने फेसबुक लाइव के माध्यम से ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी और उन्हें इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोगों के सवालों का समाधान भी किया और सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।

