CG News: पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस बनी जीवनरक्षक, रेल ग्रीन कॉरिडोर से पहुंचाया गया Live Heart
CG News: भारतीय रेलवे ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है, पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए जीवित हृदय यानी Live Heart का सफल परिवहन किया गया, सूरत से अहमदाबाद तक करीब 230 किलोमीटर की दूरी को रेल ग्रीन कॉरिडोर में बदल दिया गया, ताकि हृदय तय समय पर सुरक्षित अस्पताल पहुंच सके.

वंदे भारत को मिली प्राथमिकता
Live Heart को ट्रेन संख्या 20901 मुंबई सेंट्रल, गांधीनगर कैपिटल वंदे भारत एक्सप्रेस से अहमदाबाद भेजा गया, ट्रेन के रवाना होने के बाद पूरे रेल मार्ग को प्राथमिकता दी गई और ट्रैक को खाली रखा गया, जिससे बिना किसी रुकावट के हृदय को समय पर यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर पहुंचाया जा सका.
रेलवे, पुलिस और डॉक्टरों का शानदार तालमेल
इस पूरे मिशन को सफल बनाने में भारतीय रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल RPF, गुजरात पुलिस और मेडिकल टीमों ने मिलकर काम किया, सभी एजेंसियों के बेहतरीन समन्वय की वजह से हृदय का परिवहन पूरी सुरक्षा और तय समय के भीतर पूरा हुआ, जिससे प्रत्यारोपण प्रक्रिया में किसी तरह की देरी नहीं हुई.
स्टेशन से अस्पताल तक बना ग्रीन कॉरिडोर
अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से अस्पताल तक विशेष ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया, RPF और गुजरात पुलिस ने पूरे रास्ते को खाली रखकर एंबुलेंस को प्राथमिकता दी, इससे हृदय को तेजी से अस्पताल पहुंचाया गया और मरीज के इलाज की प्रक्रिया समय पर शुरू की जा सकी.
सेवा और मानवता का बड़ा उदाहरण
अहमदाबाद मंडल के डीआरएम वेद प्रकाश ने इसे भारतीय रेलवे के लिए गर्व का क्षण बताया, उन्होंने कहा कि ऐसे जीवनरक्षक मिशनों में हर सेकंड की अहमियत होती है, रेलवे और सभी संबंधित एजेंसियों के समन्वय से यह अभियान सफल रहा, यह केवल एक जिम्मेदारी नहीं बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण भी है.




